ऋतुराज गायकवाड और इशान किशन को अब जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी करने की जरुरत है: आकाश चोपड़ा
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला वनडे मैच में आकाश चोपड़ा और इशान किशन का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था।
अद्यतन - अक्टूबर 9, 2022 4:56 अपराह्न

भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने युवा बल्लेबाज इशान किशन और ऋतुराज गायकवाड से अपील की है कि आने वाले मुकाबलों में वो जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी करें। बता दें, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में दोनों ही बल्लेबाजों ने काफी ख़राब बल्लेबाजी की थी और इसी वजह से टीम 9 रन से इस मैच को हार गई थी।
ऐसा अनुमान लगाया जा रहा था कि इशान किशन को टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की टीम में शामिल किया जाएगा लेकिन केएल राहुल और विराट कोहली की टीम में वापसी की वजह से उन्हें मौका नहीं मिला। IPL 2022 में भी किशन का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। लखनऊ में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में इशान किशन ने 37 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 20 रन बनाए थे जबकि ऋतुराज गायकवाड ने 42 गेंदों में एक चौके की मदद से 19 रन बनाए।
आपको जितने भी मौके मिले उसे भुनाने की जरूरत है: आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘मुझे लग रहा था कि दूसरे वनडे में सिर्फ एक बदलाव किया जाएगा और वह होगा रवि बिश्नोई की जगह वॉशिंगटन सुंदर। मुझे लगता है कि ऋतुराज गायकवाड और इशान किशन को अब अपने ऊपर जिम्मेदारी लेने की जरूरत है।’
चोपड़ा ने आगे कहा कि, ‘इस समय आपको मौके मिल रहे हैं, लेकिन जब टी-20 वर्ल्ड कप खत्म हो जाएगा तब सीनियर खिलाड़ी उपलब्ध होंगे तो वो ही खेलेंगे। जैसे संजू सैमसन और श्रेयस अय्यर ने किया है वैसे आपको भी अपने मिले हुए मौकों को भुनाना पड़ेगा।’ श्रेयस अय्यर ने पहले वनडे मुकाबले में 37 गेंदों में 50 रन बनाए थे जबकि संजू सैमसन ने 63 गेंदों में 9 चौके और 3 छक्कों की मदद से 86* रन बनाए थे।
बता दें कि, रांची में खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग XI में रवि बिश्नोई की जगह वाशिंगटन सुंदर को शामिल किया है वहीं गायकवाड की जगह शाहबाज अहमद को जगह मिली है। दूसरे टी-20 मुकाबले में भी टीम यही चाहेगी कि यह दोनों बल्लेबाज अच्छी बल्लेबाजी करें और टीम को जीत दिलाएं।