मैंने कभी नहीं सोचा था कि आरसीबी मुझे चुनेगी: शाहबाज अहमद
मैं जब आरसीबी में चुना गया था तो उस समय विराट भाई टीम इंडिया के भी कप्तान थे- अहमद
अद्यतन - मार्च 25, 2023 3:40 अपराह्न

भारतीय टीम के ऑलराउंर खिलाड़ी और आईपीएल में राॅयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेलने वाले शाहबाज अहमद ने आईपीएल के 16वें सीजन के शुरू होने से पहले बड़ा बयान दिया है। गौरतलब है कि आईपीएल 2023, 31 मार्च से शुरू हो रहा है।
तो वहीं इस सीजन के शुरू होने से पहले बैंगलोर के खिलाड़ी ने कहा है कि उन्हें विश्वास नहीं था कि आरसीबी उन्हें खरीदेगी। बता दें कि जब शाहबाज अहमद को आरसीबी ने पिक किया था, तब वो कंधे की चोट से परेशान थे।
शाहबाज अहमद ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि आरसीबी के पाॅडकास्ट में बता करते हुए शाहबाज अहमद ने कहा- सच कहूं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि आरसीबी मुझे चुनेगी। यह आश्चर्यजनक था, उस वक्त मैं कंधे की चोट से परेशान था। हर खिलाड़ी आईपीएल में खेलना चाहता है और उस दौरान मेरा घरेलू सीजन शानदार रहा था।
एसोसिएशन के लोंगो ने कहा था कि मेरा मौका बन सकता है। लेकिन मैंने कभी नहीं सोचा था कि बैंगलोर मुझे खरीद लेगी। उस समय मैं सोच रहा था कि अगर मैं बिना बिके रह जाऊं तो ही बढ़िया रहेगा क्योंकि मैं नहीं चाहता था कि आईपीएल के बीच सीजन कोई समस्या आए। अगर मैं फिट नहीं हुआ, तो पूरा सीजन बेकार हो जाएगा।
शाहबाज ने आगे कहा- मैं अंदर ही अंदर सोच रहा था कि यह कैसे हो सकता है। और मुझे सबसे बड़ा डर था कि मुझे बैंगलोर द्वारा चुना गया है और विराट भाई उस समय टीम इंडिया के कप्तान भी थे। क्योंकि उस समय मेरी फील्डिंग काफी खराब हो रही थी और विराट भाई फील्डिंग को लेकर काफी सख्त थे।
मैं इसको लेकर काफी परेशान था, लेकिन कोविड मेरे लिए गेम चेंजर था। लाॅकडाउन में मुझे कंधे की सर्जरी कराने का समय मिला और उसके बाद जब मैं पहले आरसीबी के ट्रेनिंग कैंप में शामिल हुआ तो मैं पूरी तरह फिट था।