मुझे लगता है कि तीसरे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में आमेर जमाल को थोड़ा पहले गेंदबाजी देनी चाहिए थी: मोहम्मद हफीज
ऑस्ट्रेलिया को यह मैच जीतने के लिए 130 रनों की जरूरत थी और पाकिस्तान की ओर से साजिद खान और हसन अली ने गेंदबाजी की शुरुआत की।
अद्यतन - जनवरी 6, 2024 2:31 अपराह्न

सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए तीसरे और अंतिम टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सभी खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
बता दें, ऑस्ट्रेलिया को यह मैच जीतने के लिए 130 रनों की जरूरत थी और पाकिस्तान की ओर से साजिद खान और हसन अली ने गेंदबाजी की शुरुआत की। इस सीरीज में बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले आमेर जमाल को पाकिस्तान टीम के कप्तान शान मसूद ने पहले सेशन में बिल्कुल भी गेंदबाजी नहीं दी। इस चीज को लेकर कई लोगों ने शान मसूद की कप्तानी की जमकर आलोचना की है। यही नहीं टीम के डायरेक्टर मोहम्मद हफीज भी शान मसूद के इस फैसले से काफी हैरान थे।
मोहम्मद हफीज के मुताबिक यह कप्तान का फैसला था लेकिन उन्हें जमाल को थोड़ा पहले गेंदबाजी देनी चाहिए थी। हालांकि उन्होंने शान मसूद की कप्तानी की जमकर प्रशंसा की।
ESPNक्रिकइंफो के मुताबिक मोहम्मद हफीज ने कहा कि, ‘यह कप्तान का फैसला था। सभी गेंदबाज उपलब्ध थे लेकिन यह फैसला कप्तान का था। हम ऑफ स्पिनर से ज्यादा से ज्यादा गेंदबाजी करवाना चाह रहे थे क्योंकि इस पिच में टर्न काफी मिल रही थी। मुझे लगता है कि जमाल को पहले गेंदबाजी देनी चाहिए थी क्योंकि उन्होंने इस पूरी सीरीज में काफी अच्छी गेंदबाजी की है।’
टीम के रूप में हम इस सीरीज को अपने नाम कर सकते थे लेकिन हमने मौके छोड़ दिए: मोहम्मद हफीज
मोहम्मद हफीज के मुताबिक पाकिस्तान टीम भले ही टेस्ट सीरीज को हार गई हो लेकिन उन्हें यहां से काफी कुछ सीखने को मिला है। मोहम्मद हफीज ने आगे कहा कि, ‘हमें काफी मुश्किल सीख मिली है। टीम के रूप में हम इस सीरीज को अपने नाम कर सकते थे लेकिन हमने मौके छोड़ दिए।
हमको 3-0 से हारना नहीं चाहिए था। लेकिन गलती हमारी ही थी कि हम मौकों को हासिल नहीं कर पाए। मेलबर्न में जब हमने 16 रन पर उनके चार विकेट ले लिए थे तब हम मैच जीत सकते थे लेकिन ऑस्ट्रेलिया टीम ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया।’