क्या पुनर्निर्धारित टेस्ट में भारत की नैय्या शार्दुल ठाकुर और मोहम्मद सिराज ने डुबोई? - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या पुनर्निर्धारित टेस्ट में भारत की नैय्या शार्दुल ठाकुर और मोहम्मद सिराज ने डुबोई?

संजय मांजरेकर ने मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर के प्रदर्शन पर निराशा जाहिर की है।

Sanjay Manjrekar. (Photo Source: Twitter)
Sanjay Manjrekar. (Photo Source: Twitter)

भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में संपन्न हुए पुनर्निर्धारित पांचवे और अंतिम टेस्ट मैच में भारतीय गेंदबाज शार्दुल ठाकुर और मोहम्मद सिराज के प्रदर्शन पर अपने विचार साझा किए हैं।

आपको बता दें, इंग्लैंड की टेस्ट टीम ने 5 जुलाई को एजबेस्टन में 378 रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए पुनर्निर्धारित पांचवां टेस्ट मैच 7 विकेट से जीत लिया। जिसके बाद भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के साथ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 से साझा करनी पड़ी।

यह इंग्लैंड का टेस्ट क्रिकेट में सबसे उच्चतम चेज था। इंग्लैंड ने इस लक्ष्य काफी आसानी से हासिल कर लिया, क्योंकि भारतीय गेंदबाज दूसरी पारी में बिल्कुल भी प्रभावी नहीं लग रहे थे। केवल जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड की दूसरी पारी में दो विकेट लिए, बाकी अन्य गेंदबाजों की इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने जमकर धुनाई की।

संजय मांजरेकर ने मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर के प्रदर्शन पर निराशा जाहिर की

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज एलेक्स लीज और जैक क्रॉली ने 107 रनों की साझेदारी के साथ इस ऐतिहासिक चेज की शुरुआत की, और फिर बाकी काम जो रूट और जॉनी बेयरस्टो ने कर दिया। दोनों स्टार बल्लेबाजों ने शतक लगाकर भारत को साल 2007 के बाद से इंग्लैंड में अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीतने के सपने को तोड़ दिया।

इस बीच, टीम इंडिया का तेज गेंदबाजी आक्रमण अपनी आक्रामकता और प्रभावशीलता के लिए जाना जाता है, लेकिन वे एजबेस्टन में ना ही इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बना पाए और ना ही टीम को मैच जीता पाए, जिसे लेकर संजय मांजरेकर ने बहुत ही जायज चीज पर प्रकाश डाला है।

संजय मांजरेकर ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर कहा: “मुझे लगता है कि शार्दुल ठाकुर वो गेंदबाज नहीं रहा, जिसे हमने 18 महीने पहले टेस्ट क्रिकेट में देखा था। इस पुनर्निर्धारित टेस्ट में शार्दुल के प्रदर्शन देखकर साफ नजर आ रहा है कि ये वो गेंदबाज नहीं है, जिसने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में पिछले साल धमाल किया था। अगर मैं बात करूं मोहम्मद सिराज की, तो मैं बतौर गेंदबाज उसके विकास को देख रहा हूं, लेकिन उसकी सीम-अप डिलीवरी कहीं खो गई है। मुझे लगता है कि इन दो भारतीय गेंदबाजों में अब वो बात नहीं रही।”

 

close whatsapp