आईपीएल 2023 में विराट कोहली को दोबारा कप्तान की भूमिका में देख रवि शास्त्री को याद आया एजबेस्टन टेस्ट! - क्रिकट्रैकर हिंदी

आईपीएल 2023 में विराट कोहली को दोबारा कप्तान की भूमिका में देख रवि शास्त्री को याद आया एजबेस्टन टेस्ट!

भारत को इंग्लैंड के खिलाफ पुनर्निर्धारित पांचवें टेस्ट मैच में सात विकेट की मात झेलनी पड़ी थी।

Virat Kohli and Ravi Shastri (Image Source: BCCI/IPL/Twitter)
Virat Kohli and Ravi Shastri (Image Source: BCCI/IPL/Twitter)

विराट कोहली जारी आईपीएल 2023 में कप्तान की भूमिका में लौट आए हैं। दरअसल, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के कप्तान फाफ डु प्लेसिस फिलहाल पसली की चोट से उबर रहे हैं, और वह केवल बल्लेबाजी करने में सक्षम है, इसलिए पिछले तीन 2023 आईपीएल मैचों में विराट कोहली ने टीम की कमान संभाली।

जिसे देखते हुए फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट यह जानने के लिए आतुर है कि क्या कोहली दोबारा भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे? इस मुद्दे पर अपनी राय देते हुए भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने पिछले साल एजबेस्टन में खेले गए इंग्लैंड के खिलाफ पुनर्निर्धारित पांचवें टेस्ट की यादें ताजा की, जहां रोहित शर्मा के कोविड-19 पॉजिटिव होने के बाद कोहली की जगह जसप्रीत बुमराह को टीम का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौपीं गई थी।

आपको बता दें, 34-वर्षीय कोहली ने आईपीएल 2021 के बाद आरसीबी के कप्तान के रूप में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। कोहली ने उसी साल T20I टीम की कप्तानी भी छोड़ दी थी और फिर उन्हें वनडे कप्तान के रूप में हटा दिया गया, जिसके बाद उन्होंने जनवरी 2022 में टेस्ट टीम की कप्तानी भी त्याग दी थी।

क्या विराट कोहली कभी भारत की कप्तानी करते हुए दोबारा नजर आएंगे?

रवि शास्त्री ने ईएसपीएनक्रिकइंफो के हवाले से कहा: ‘मुझे लगा था कि विराट कोहली टीम का नेतृत्व करेंगे। रोहित शर्मा के कोविड संक्रमित हो जाने के बाद मुझे लगा था कि कप्तानी के लिए विराट से पूछा जाएगा। अगर मैं कोच होता, तो मैं जरूर पूछता। मुझे यकीन है कि राहुल द्रविड़ ने भी यही किया होगा। हालांकि, मुझे नहीं पता राहुल ने विराट से पूछा या नहीं, क्योंकि मैंने उससे बात नहीं की है।

लेकिन अगर मैं टीम का मुख्य कोच होता, तो मैंने BCCI से सिफारिश की होती कि केवल विराट कोहली उस टेस्ट मैच में भारत का नेतृत्व करे, क्योंकि वह उस टीम का हिस्सा था, जो टेस्ट सीरीज में 2-1 से आगे चल रही थी, और वह शायद खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्राप्त कर सकता था।’

जब पूर्व भारतीय कप्तान से पूछा गया कि क्या कोहली को फिर से टीम इंडिया की कप्तानी करने में कोई झिझक होगी, तो शास्त्री ने कहा कि उन्हें नहीं लगता ऐसा कुछ होगा क्योंकि देश का नेतृत्व करना सम्मान की बात है। रवि शास्त्री ने अंत में कहा: ‘बिल्कुल नहीं। अपने देश का नेतृत्व करना सम्मान की बात है।

ये ऐसी परिस्थितियां हैं, जहां आपको अपना सर्वश्रेष्ठ देना होता है। आपका नियमित कप्तान चोटिल है, वह टीम का हिस्सा नहीं है, तो यह देखते हुए कि क्या दांव पर लगा है, इंग्लैंड को इंग्लैंड में 2-1 से हरा देना….. कितनी टीमों ने एक ही साल में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया को विदेशों में हराया है?

close whatsapp