ब्रेट ली के बाद अब वसीम अकरम ने भी की उमरान मलिक को टी-20 वर्ल्ड कप में शामिल करने की मांग - क्रिकट्रैकर हिंदी

ब्रेट ली के बाद अब वसीम अकरम ने भी की उमरान मलिक को टी-20 वर्ल्ड कप में शामिल करने की मांग

'सच्चाई यही है कि टी-20 प्रारूप गेंदबाजों के लिए नहीं है'- वसीम अकरम

umran malik and wasim akram (pic source-twitter)
umran malik and wasim akram (pic source-twitter)

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने भारत के युवा तेज गेंदबाज उमरान मलिक का समर्थन किया है। अकरम का मानना है कि आगामी टी-20 कप 2022 में उमरान मलिक जसप्रीत बुमराह के बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं। बता दें, भारतीय युवा तेज गेंदबाज ने इसी साल अपना T20I डेब्यू किया था और उन्होंने अब तक भारत के लिए मात्र 3 मुकाबले ही खेले हैं। इन 3 मुकाबलों में उन्होंने 56 के औसत और 12.44 की इकॉनमी रेट से 2 विकेट लिए हैं।

बता दें, आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए अभी तक जसप्रीत बुमराह के विकल्प की घोषणा नहीं हुई है। आशंका लगाई जा रही है कि मोहम्मद शमी या मोहम्मद सिराज में से किसी एक को 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया जाएगा लेकिन अकरम का मानना है कि मलिक भी अच्छे विकल्प साबित हो सकते हैं।

हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से वसीम अकरम ने कहा कि, ‘आपने उस गेंदबाज को देखा है? उमरान मलिक…वो काफी तेज हैं। भारत उनको आयरलैंड ले गई थी जहां उन्होंने काफी रन लुटाए। लेकिन टी-20 में यह सब होता रहता है और मैनेजमेंट को उनके साथ बने रहना चाहिए। अगर मैं उनकी जगह होता तो मलिक को अपने दल में हर समय शामिल किए रहता। जितना ज्यादा वो खेलेंगे उतना बेहतर वो बनेंगे। टी-20 क्रिकेट में अनुभव काफी महत्व रखता है।’

गेंदबाजों के लिए वसीम अकरम ने कही यह बात

बता दें, बचे हुए 14 खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुके हैं और वहां पर्थ में वो जमकर अभ्यास कर रहे हैं। मलिक और कुलदीप सेन को नेट गेंदबाज के रूप में ऑस्ट्रेलिया जाना था लेकिन वीजा की परेशानी की वजह से वो अभी भी वहां नहीं पहुंचे हैं। जैसे-जैसे समय बीतता जा रहा है वैसे-वैसे मलिक के वर्ल्ड कप खेलने की उम्मीद भी कम होती जा रही है।

उमरान मलिक के पास गति तो है लेकिन लाइन और लेंथ उतनी अच्छी नहीं है। IPL 2022 में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की ओर से बेहतरीन गेंदबाजी की थी जिसके बाद उन्हें भारत के लिए खेलने का मौका मिला था। जहां एक तरफ तमाम लोगों को मलिक की गेंदबाजी गति काफी पसंद आ रही है वहीं दूसरी ओर तमाम एक्सपर्ट्स का मानना है कि उन्हें अभी भी अपनी लाइन और लेंथ को बेहतर करने की जरूरत है। इस पर वसीम अकरम ने अपनी टिप्पणी की है।

वसीम अकरम ने आगे कहा कि, ‘सच्चाई यही है कि टी-20 प्रारूप गेंदबाजों के लिए नहीं है। इस समय इस प्रारूप की जरूरत है क्योंकि तमाम लोगों को इससे मनोरंजन प्राप्त हो रहा है और दुनियाभर के लोग इसे शौक से देख रहे हैं। गेंदबाजों को यह बात समझ लेनी चाहिए कि उन्हें कभी ना कभी गेंदबाजी में मार जरूर पड़ेगी। दुबई की पिच में जहां एक दिन गेंदबाजों के लिए मुनाफा है वहीं दूसरे दिन बल्लेबाज इसका भरपूर फायदा उठाते हैं। इस प्रारूप का भविष्य यही है कि गेंदबाज यहां काफी रन लुटा सकते हैं।’

close whatsapp