मोईन अली ने पुनर्निर्धारित टेस्ट में भारत की जीत की संभावनाओं पर जताया संदेह; कोहली को लेकर भी कही बड़ी बात
मोईन अली ने कहा विराट कोहली को पुनर्निर्धारित टेस्ट मैच में भारत की कप्तानी करनी चाहिए!
अद्यतन - Jun 29, 2022 5:48 pm

मोईन अली ने कहा भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली को इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले आगामी पुनर्निर्धारित टेस्ट मैच में टीम इंडिया की कमान संभालनी चाहिए, क्योंकि यह मैच दोनों टीमों के लिए बहुत अहम है। इसके अलावा, अनुभवी ऑलराउंडर ने भारत के इस टेस्ट मैच में जीत की संभावनाओं पर भी संदेह जताया।
आपको बता दें, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा इस समय कोविड से उबर रहे हैं, हालांकि उम्मीद की जा रही है कि वह मैच से पहले ठीक हो जाएंगे, लेकिन मयंक अग्रवाल को उनके प्रतिस्थापन के रूप में इंग्लैंड भेज दिया गया है।
भारत पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से आगे चल रहा है। इस सीरीज का अंतिम मैच भारतीय कैंप में कोरोना संक्रमण के कारण रद्द कर दिया गया था, जो अब 1 जुलाई से बर्मिंघम में खेला जाना है।
विराट कोहली को पुनर्निर्धारित टेस्ट मैच में भारत की कप्तानी करनी चाहिए: मोईन अली
मोईन अली ने इंडिया टुडे के हवाले से कहा: “मैं विराट कोहली को इस पुनर्निर्धारित टेस्ट मैच के लिए कप्तानी देना चाहूंगा, क्योंकि इस सीरीज के दौरान वो ही कप्तान थे, और उनके पास अनुभव है। लेकिन हां, यह स्पष्ट रूप से कोहली का अपना फैसला है कि वह इस मैच में कप्तानी करना चाहते हैं या नहीं। मुझे लगता है कोहली इस समय काफी तनावमुक्त और खुश हैं, शायद टेस्ट कप्तानी छोड़ने से वह तनावमुक्त हो गए है।”
अनुभवी ऑलराउंडर ने आगे कहा: “सच कहूं तो यह भारत के लिए बड़ी सीरीज है। अगर यह सीरीज पिछले साल खत्म हो जाती, तो भारत ने निश्चित रूप से 3-1 से इस सीरीज को जीत लिया होता। लेकिन अब मुझे लगता है कि टीम इंडिया के लिए चीजें मुश्किल होने वाली है, क्योंकि इंग्लैंड जिस तरह से इस समय खेल रहा है, मेहमान टीम को सीरीज जीतने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। अगर इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जिस तरह से खेला था, वैसा ही भारत के खिलाफ भी क्रिकेट खेला, तो फिर हमें यह टेस्ट मैच जीतने से कोई नहीं रोक पाएगा।”