Rohit Sharma: ICC Ranking में दिखा हिटमैन का जलवा, ODI और टेस्ट में टॉप 5 में हुई एंट्री
ICC टेस्ट रैंकिंग में 751 की रेटिंग के साथ नंबर पांच पर पहुंचे रोहित शर्मा।
अद्यतन - सितम्बर 11, 2024 3:14 अपराह्न

Rohit Sharma ICC Ranking: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा टेस्ट रैंकिंग में टॉप 5 में लौटे आए हैं। सितंबर 2021 के बाद पहली बार बल्लेबाजों की टेस्ट रैंकिंग में टॉप 5 में रोहित की वापसी हुई है। बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा जारी किए गए टेस्ट रैंकिंग में रोहित सर्वोच्च रैंकिंग वाले भारतीय बल्लेबाज थे। इसके अलावा ODI रैंकिंग में रोहित का नाम टॉप 2 में मौजूद है।
रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड पर भारत की सीरीज जीत में अहम रोल निभाया था। जायसवाल ने रिकॉर्ड तोड़ सीरीज में 712 रन बनाए थे, जिसमें दो शतक और तीन अर्धशतक शामिल थे। रोहित ने भी दो शतक लगाए थे और 400 रन बनाए थे। उसके बाद से टीम इंडिया ने कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है फिर भी ये सभी खिलाड़ी खुद को टॉप-10 में रखने में कामयाब रहे हैं।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को एक स्थान का फायदा हुआ है और वे अब 751 रेटिंग के साथ पांचवें नंबर पर आ गए हैं। यशस्वी जायसवाल भी 740 रेटिंग के साथ छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, विराट कोहली को भी एक स्थान का मुनाफा हुआ है और वे 737 रेटिंग के साथ सातवें नंबर पर हैं। यह सभी खिलाड़ी बिना टेस्ट खेले ही अपनी रैंकिंग में उछाल दर्ज करने में कामयाब रहे और अब 19 सितंबर से बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में एक्शन में नजर आएंगे।
ODI रैंकिंग में भी दिखा भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा
वहीं अगर ODI रैंकिंग की बात करें तो वहां भी टॉप 5 में तीन भारतीय बल्लेबाजों का नाम है। इस लिस्ट में नंबर दो पर 765 रेटिंग प्वाइंट के साथ रोहित दूसरे नंबर पर हैं। वहीं नंबर तीन पर शुभमन गिल हैं। उनका रेटिंग प्वाइंट 763 है। वहीं तीसरे नंबर पर दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का नाम है। विराट के नाम घी 746 रेटिंग पॉइंट्स हैं।