टी-20 वर्ल्ड कप 2022: सूर्यकुमार यादव की नाबाद विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने नीदरलैंड को दी मात - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022: सूर्यकुमार यादव की नाबाद विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने नीदरलैंड को दी मात

सूर्यकुमार यादव ने 25 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 51* रन की आक्रामक पारी खेली।

suryakumar yadav (pic source-twitter)
suryakumar yadav (pic source-twitter)

आज यानी 27 अक्टूबर को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) में खेले गए ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड को 56 रन से मात दी। मुकाबले की बात की जाए तो भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।

सूर्या, विराट और रोहित ने लगाया अर्धशतक

टीम की शुरुआत एक बार फिर से खराब रही और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल 9 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। 11 रन पर पहला विकेट गंवाने के बाद कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 73 रनों की बहुमूल्य साझेदारी हुई। कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में 39 गेंदों में 53 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 4 चौके और 3 छक्के जड़े।

रोहित शर्मा के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली ने तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 95 रन की नाबाद बहुमूल्य साझेदारी की। सूर्यकुमार यादव ने पहली गेंद से ही आक्रामक खेल दिखाना शुरू कर दिया। जहां एक तरफ विराट कोहली ने इस मैच में 44 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 62* रन बनाए वहीं दूसरी ओर सूर्यकुमार यादव ने 25 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 51* रन की आक्रामक पारी खेली।

सूर्यकुमार यादव ने भारतीय पारी की आखिरी गेंद पर लोगन वैन बीक को छक्का जड़ा। भारत ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 179 रन बनाए। नीदरलैंड की ओर से फ्रेंड क्लासन और पॉल वैन मीकरेन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

भारतीय गेंदबाजों ने भी किया शानदार प्रदर्शन

180 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। उनके दोनों सलामी बल्लेबाज विक्रमजीत सिंह और मैक्स ओडाउड क्रमश: 1 और 16 रन बनाकर आउट हो गए। टीम की ओर से टिम प्रिंगल ने 15 गेंदों में 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 20 रन बनाए। मैक्स ओडाउड के अलावा बस डी लीडे ने 16 रन बनाए और शारीज अहमद ने 16 रन की नाबाद पारी खेली।

नीदरलैंड 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 123 रन ही बना पाई और 56 रन से इस मुकाबले को हार गई। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह और रविचंद्रन अश्विन ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। मोहम्मद शमी ने एक विकेट झटका। सूर्यकुमार यादव को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से नवाजा गया।

close whatsapp