वर्ल्ड कप 2023 के लिए भारत का दौरा नहीं करेगी पाकिस्तान! PCB अधिकारी ने दिया बड़ा बयान
वर्ल्ड कप 2023 में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 15 अक्टूबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा।
अद्यतन - जून 27, 2023 7:53 अपराह्न

आईसीसी ने 27 जून को आगामी वनडे वर्ल्ड कप (ODI World Cup) 2023 के शेड्यूल की घोषणा कर दी है। टूर्नामेंट 5 अक्टूबर से 19 नवंबर तक भारत के अलग-अलग 10 वेन्यू में खेले जाएंगे। वर्ल्ड कप सेमीफाइनल मुकाबले 15 और 16 नवंबर को वानखेड़े स्टेडियम मुंबई और ईडन गार्डन में खेले जाएंगे। वहीं वर्ल्ड कप फाइनल 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 15 अक्टूबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा। पाकिस्तान वर्ल्ड कप का हिस्सा बनने वाली है या नहीं? इस पर अब तक कोई भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। वर्ल्ड कप शेड्यूल में पाकिस्तान के मैचों का उल्लेख साफ-साफ है, जो इस बात की ओर इशारा करता है कि पाकिस्तान वर्ल्ड कप के लिए भारत आएगी। लेकिन हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक बड़ा अपडेट जारी कर दिया है।
PCB अधिकारी ने कही बड़ी बात
एशिया कप 2023 के लिए बीसीसीआई ने पाकिस्तान का दौरा करने से साफ इनकार कर दिया था। जिसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कहा था कि अगर भारत एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं आएगी तो वह भी वर्ल्ड कप के लिए भारत का दौरा नहीं करेंगे। लेकिन आगामी एशिया कप हाइब्रिड मॉडल में पाकिस्तान और श्रीलंका में संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा।
भारत के सारे मुकाबले श्रीलंका में खेले जाएंगे, वहीं अगर भारत फाइनल में पहुंचेगी तभी फाइनल श्रीलंका में खेला जाएगा। दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव के चलते दोनों देशों ने काफी समय पहले ही एक-दूसरे के देश का दौरा करना बंद कर दिया है। साल 2016 टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने अपने सरकार के सहमति के चलते ही भारत का दौरा किया था।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के कम्युनिकेशन डायरेक्टर सामी उल हसन का कहना है कि, ‘PCB को मैच वेन्यू सहित भारत के किसी भी दौरे के लिए पाकिस्तान सरकार के मंजूरी की आवश्यकता है। हम मार्गदर्शन के लिए अपनी सरकार के साथ संपर्क कर रहे हैं और जैसे ही हम उनसे कुछ सुनेंगे हम आईसीसी को अपडेट करेंगे।’ आपको बता दें पाकिस्तान में इस साल चुनाव आयोजित होने वाले हैं। और पाकिस्तान भारत का दौरा करेगा या नहीं यह नए सरकार बनने के बाद ही तय होगा।