टी20 टीम में वापसी को तैयार शुभमन गिल, बोले- ‘दोबारा मौका मिला तो खुशी होगी’
शानदार आईपीएल सीजन के बाद भारतीय टी20 टीम में वापसी की उम्मीद जगी
अद्यतन - मई 31, 2026 4:44 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की अपनी इच्छा जाहिर की है। हालांकि, वह फिलहाल भारत की टेस्ट और वनडे टीम की अगुवाई कर रहे हैं, लेकिन उनका मानना है कि अगर उन्हें फिर से टी20 टीम में चुना जाता है, तो वह खुशी-खुशी इस प्रारूप में भी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
दरअसल, 2026 टी20 विश्व कप से ठीक पहले शुभमन को भारतीय टी20 टीम से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद भारत ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया। इससे पहले गिल एशिया कप विजेता भारतीय टीम के उपकप्तान थे, लेकिन टी20 क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन की कमी के कारण उन्हें टीम से जगह गंवानी पड़ी।
आईपीएल 2026 में बल्ले से दिया दमदार जवाब
टी20 टीम से बाहर होने के बाद शुभमन ने हार नहीं मानी। उन्होंने अपने खेल पर लगातार काम किया और आईपीएल 2026 में शानदार बल्लेबाजी कर चयनकर्ताओं का ध्यान फिर अपनी ओर खींचा।
गुजरात टाइटंस के कप्तान ने इस सीजन 15 पारियों में 722 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 163.72 रहा है, जो दर्शाता है कि उन्होंने अपनी बल्लेबाजी में आक्रामकता भी जोड़ी है। इस प्रदर्शन ने एक बार फिर उन्हें भारतीय टी20 टीम के संभावित दावेदारों में शामिल कर दिया है।
शुभमन का कहना है कि वह किसी एक प्रारूप पर नहीं, बल्कि क्रिकेट के हर फॉर्मेट में बेहतर खिलाड़ी बनने पर ध्यान दे रहे हैं। उनके अनुसार क्रिकेट ऐसा खेल है, जिसमें कोई भी खिलाड़ी पूरी तरह परफेक्ट नहीं बन सकता, लेकिन लगातार सुधार की कोशिश जरूर कर सकता है।
गिल ने बताया कि उनकी मानसिक मजबूती का सबसे बड़ा कारण उनकी तैयारी है। वह हमेशा आने वाली सीरीज, टूर्नामेंट और चुनौतियों के लिए पहले से योजना बनाकर चलते हैं।
उनका मानना है कि खिलाड़ी को उन चीजों पर ध्यान देना चाहिए जो उसके नियंत्रण में हैं। बेहतर तैयारी और स्पष्ट लक्ष्य उन्हें मानसिक रूप से तरोताजा रखने में मदद करते हैं। साथ ही वह टीम की सफलता के लिए जरूरी पहलुओं पर भी लगातार काम करते रहते हैं।
शुभमन गिल ने साफ कहा कि टी20 टीम में वापसी का फैसला चयनकर्ताओं के हाथ में है। हालांकि, यदि उन्हें दोबारा मौका मिलता है, तो वह पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ भारतीय टीम के लिए खेलने को तैयार हैं। फिलहाल उनका लक्ष्य हर प्रारूप में खुद को और बेहतर बनाना है।