‘दीपक हुड्डा से बेहतर विकल्प तो ऋषभ पंत थे’: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबला हारने के बाद वसीम जाफर ने दिया बड़ा बयान
30 अक्टूबर को ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में खेले गए रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 5 विकेट से मात दी।
अद्यतन - अक्टूबर 31, 2022 11:33 पूर्वाह्न

30 अक्टूबर को ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में खेले गए रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 5 विकेट से मात दी। बता दें, भारतीय टीम की यह ग्रुप 12 स्टेज में पहली हार थी। इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ मैच खेला था जिसमें उन्होंने जीत दर्ज की थी, हालांकि दक्षिण अफ्रीका के हाथों उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
बता दें, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग XI में एक बदलाव किया था। उन्होंने अक्षर पटेल की जगह दीपक हुड्डा को प्लेइंग XI में शामिल किया। तमाम प्रशंसकों को उम्मीद थी कि दीपक हुड्डा को इस मुकाबले में गेंदबाजी करते हुए भी देखा जाएगा लेकिन कप्तान रोहित शर्मा ने उनसे एक ओवर भी नहीं करवाया।
बल्लेबाजी में हुड्डा 3 गेंदों में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। भारत के पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर टीम के कप्तान के इस फैसले से नाखुश दिखे। इसी को लेकर वसीम जाफर ने बड़ा बयान दिया है।
वसीम जाफर ने क्रिक्ट्रैकर के शो ‘रन की रणनीति’ में कहा कि, ‘ अगर दीपक हुड्डा से गेंदबाजी नहीं करवानी थी तो उनकी जगह ऋषभ पंत को प्लेइंग XI में शामिल करना था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में खेला है और उन्हें यहां की परिस्थितियों के बारे में पता है। यही नहीं उन्होंने यहां पर रन भी बनाए हैं।
वहीं दूसरी ओर दीपक हुड्डा ने अभी तक ऑस्ट्रेलिया में नहीं खेला। अगर भारत हुड्डा को स्पिनर के रूप में नहीं खिला रही हैं तो उनकी जगह ऋषभ पंत को टीम में शामिल किया जाना चाहिए था, इससे उनके पास एक अतिरिक्त बल्लेबाज भी होता। रोहित के इस फैसले ने मुझे हैरान कर दिया।
ऋषभ पंत की ओपनिंग को लेकर वसीम जाफर ने कही ये बात
बता दें, भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल अभी तक इस मुख्य टूर्नामेंट में अपने शानदार फॉर्म में नहीं दिखे हैं। वो बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं। इसी को लेकर वसीम जाफर ने आगे कहा कि, ‘आगे के मुकाबलों में भी क्या हम केएल राहुल से ही ओपनिंग करवाएंगे? क्या टॉप ऑर्डर में बदलाव करने की कोई जरूरत नहीं है?
कभी-कभी आप ऐसे फॉर्म में होते हैं जब आप रन नहीं बना पाते हैं और लगातार जल्द अपना विकेट गंवा देते हैं। इससे दबाव बल्लेबाज के ऊपर ही आ जाता है। हो सकता है कि ऋषभ पंत भारतीय टीम की ओर से ओपनिंग करते हुए दिखे। उनके लिए वही जगह ठीक है और अगले मैच में दीपक हुड्डा की जगह अक्षर पटेल टीम में वापस आ जाए। भारत को इसके बारे में सोचना चाहिए कि क्या वो केएल राहुल के साथ ही बने रहेंगे या अपने टॉप ऑर्डर में कुछ बदलाव करेंगे।’