'अगर मुझे किसी को ड्रॉप करना होगा तो मैं सैमसन को ड्रॉप करूंगा पंत को नहीं'- सबा करीम का बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘अगर मुझे किसी को ड्रॉप करना होगा तो मैं सैमसन को ड्रॉप करूंगा पंत को नहीं’- सबा करीम का बयान

लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में ऋषभ पंत अब तक कुछ खास कमाल नहीं कर पाए हैं।

Rishabh Pant & Sanju Samson (Photo Source: Twitter)
Rishabh Pant & Sanju Samson (Photo Source: Twitter)

टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम ने संजू सैमसन और ऋषभ पंत को लेकर एक हैरान करने वाला बयान दिया है। उनका मानना है कि, न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में अगर ऋषभ पंत या संजू सैमसन में से किसी को ड्रॉप करने की बात है तो वो सबसे पहले सैमसन को ड्रॉप करेंगे। आपको बता दें कि लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में अब तक ऋषभ पंत कुछ खास कमाल नहीं कर पाए हैं। वहीं संजू सैमसन ने हाल के दिनों में इस फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन किया है।

इंडिया न्यूज के साथ बातचीत के दौरान सबा करीम ने कहा कि, “मैं खिलाड़ियों को आराम देने में विश्वास नहीं रखता। अगर मुझे पंत को आराम देना होता तो मैं उन्हें 15वें नंबर पर पहले ही नहीं चुनता। अगर मैंने उसे चुना है तो वह मेरी प्लेइंग इलेवन में है। हम आसानी से भूल जाते हैं कि उन्होंने इंग्लैंड में आखिरी एकदिवसीय मैच में शतक लगाकर हमें जिताया था। कोई अन्य बल्लेबाज उस स्थिति से भारत के लिए जीत हासिल नहीं कर सकता था।”

दूसरे वनडे की प्लेइंग इलेवन से बाहर हुए सैमसन

आपको बता दें कि इससे पहले खेले गए पहले वनडे मैच में टीम इंडिया को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। उस मुकाबले में संजू सैमसन और ऋषभ पंत दोनों को प्लेइंग इलेवन में जगह मिली थी। उस मैच में भी पंत महज 15 रन बनाकर आउट हो गए थे वहीं सैमसन ने 38 रनों की पारी खेली थी। लेकिन फिर भी दूसरे वनडे मुकाबले के लिए टीम मैनेजमेंट ने संजू सैमसन को टीम से बाहर का रास्ता दिखाया है।

दरअसल दोनों टीमों के बीच इस वक्त सीरीज का दूसरा वनडे मुकाबला हैमिल्टन में खेला जा रहा है। इस मुकाबले के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए गए हैं। सबसे पहले संजू सैमसन को बाहर कर दीपक हुड्डा को टीम में जगह मिली है। इसके अलावा शार्दुल ठाकुर की जगह दीपक चाहर को टीम में शामिल किया गया है।

दूसरे वनडे मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन

भारत: शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, वाशिंगटन सुंदर, दीपक चाहर, उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल

close whatsapp