‘अगर विराट इंग्लैंड के खिलाड़ी होते तो…’- कोहली को लेकर बोले पूर्व इंग्लिश स्पिनर
अगर हम विराट कोहली के ऊपर दबाव डालेंगे तो वो वैसे भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे: ग्रीम स्वान
अद्यतन - Jul 11, 2022 6:35 pm

इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर ग्रीम स्वान का मानना है कि अगर विराट कोहली इंग्लिश खिलाड़ी होते तो वो बाकी लोगों से यह कहते कि कोहली को अपना खेल खेलने दें और उनके ऊपर किसी तरह का कोई दबाव नहीं बनाए। उनके मुताबिक कोहली के ऊपर अब बड़ा स्कोर बनाने का दबाव आ गया है जिसकी वजह से वो अपना बेहतरीन प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहे हैं।
भारत के पूर्व बल्लेबाज अजय जडेजा ने भी स्वान की इस बात पर हामी भरी है और कहा है कि कोई भी खिलाड़ी ज्यादा दबाव में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकता। कोहली के ऊपर से बड़ा स्कोर बनाने का दबाव अगर हटा दिया जाएगा तो वो अपने आप अच्छा प्रदर्शन करेंगे। उनको बस थोड़ा समय दिया जाए और इसका रिजल्ट आप सबके सामने होगा।
ग्रीम स्वान ने विराट कोहली को लेकर दिया बड़ा बयान
तीसरे टी-20 मुकाबले के बाद स्वान ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के एक शो में कहा कि, ‘अगर विराट कोहली इंग्लिश खिलाड़ी होते और मैं इंग्लिश मीडिया में होता तो यही कहता कि, हमें उनके ऊपर से पूरा दबाव हटाना है। अगर हम उनके ऊपर दबाव डालेंगे तो वो वैसे भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे। वो हमारे स्टार खिलाड़ी है और हमें उनपर पूरा भरोसा है कि वो अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर ने आगे कहा कि, ‘एक खिलाड़ी के तौर पर आप यह कभी नहीं चाहते कि लोग आपके ऊपर दबाव डाले। प्रशंसकों का काम यही होता है कि वो अपने खिलाड़ियों के ऊपर भरोसा करें और उन्हें अपने हिसाब से समय लेकर खेलने दें। विराट कोहली अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं और अगर आप उन्हें अपनी टीम में शामिल नहीं करना चाहते हैं तो उनपर लगातार दबाव डाल सकते हैं।
हम सब जानते हैं कि विराट कोहली कितने सक्षम खिलाड़ी है। इस समय वो अपनी लय में नहीं हैं लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि जल्द ही वो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दुनिया के सामने रखेंगे। जडेजा ने भी स्वान का साथ देते हुए कहा कि, ‘मैं उनका पूरा समर्थन करता हूं। कोहली काफी अच्छे बल्लेबाज हैं। उनको थोड़ा समय दीजिए और अपने हिसाब से खेलने दे। मुझे पूरा भरोसा है कि जल्द ही वो अपने पुराने लय में लौटेंगे।’