"अगर टी-20 वर्ल्ड कप 2022 जीतना है, तो...": रोहन गावस्कर ने सूर्यकुमार यादव को लेकर टीम इंडिया को दी अहम सलाह - क्रिकट्रैकर हिंदी

“अगर टी-20 वर्ल्ड कप 2022 जीतना है, तो…”: रोहन गावस्कर ने सूर्यकुमार यादव को लेकर टीम इंडिया को दी अहम सलाह

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 ऑस्ट्रेलिया में 16 अक्टूबर से 13 नवंबर तक खेला जाना है।

Suryakumar Yadav and Rohan Gavaskar (Image Source: Getty Images)
Suryakumar Yadav and Rohan Gavaskar (Image Source: Getty Images)

भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर रोहन गावस्कर का मानना है कि भारत को इस साल ऑस्ट्रेलिया में आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 जीतने के लिए अपनी बल्लेबाजी को सूर्यकुमार यादव के इर्द-गिर्द तैयार करने की जरुरत है।

सूर्यकुमार यादव सीमित ओवरों के प्रारूप में टीम इंडिया के लिए प्रमुख बल्लेबाजों में से एक बन गए हैं, और इसका कारण उनका किसी भी परिस्थिति और किसी भी गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ रन बनाने की काबिलियत है। वह इस समय संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेले जा रहे एशिया कप 2022 में भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा है।

सूर्यकुमार यादव को उनके अनुसार बल्लेबाजी स्थिति देनी चाहिए: रोहन गावस्कर

रोहन गावस्कर ने स्पोर्ट्स 18 के शो ‘स्पोर्ट्स ओवर द टॉप’ पर कहा: “अगर हम ऑस्ट्रेलिया में टी-20 वर्ल्ड कप 2022 जीतना चाहते हैं, तो हमें हमारी बल्लेबाजी रणनीति सूर्यकुमार यादव के इर्द-गिर्द तैयार करनी होगी। हमें सूर्या से पूछना चाहिए कि आप कौन से नंबर पर बल्लेबाजी करना चाहते हैं, या फिर आपको क्या लगता है कि आप किस स्थिति में बल्लेबाजी करते हुए सबसे अधिक प्रभाव डाल सकते हैं।

हमने सूर्यकुमार को ओपनिंग करते देखा है, हमने उन्हें नंबर 3 और नंबर 4 पर भी बल्लेबाजी करते देखा है। इसलिए मुझे लगता है कि भारतीय टीम प्रबंधन को सूर्या से पूछना चाहिए कि क्या आप पारी की शुरुआत करते हुए विरोधी टीम के लिए सबसे ज्यादा नुकसानदायक साबित हो सकते हैं, या फिर नंबर 3 या नंबर 4 पर आप ज्यादा प्रभावशाली होंगे। सुनें कि वह क्या कहते हैं, और फिर उसे उस स्थान पर स्वतंत्रता के साथ खेलने की अनुमति दें।”

रोहन गावस्कर ने अंत में कहा: “मैंने यह पहले भी कई बार कहा है कि अगर आपको टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में वास्तव में आगे बढ़ना है, तो सूर्यकुमार यादव इस टीम का सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी बनने जा रहा है, और वह टीम की सफलता में बेहद प्रभावशाली भूमिका निभाएगा।”

close whatsapp