अगर आपको अपने दोनों स्पिनर्स से बल्लेबाजी नहीं चाहिए तो आप USA के खिलाफ…: नवजोत सिंह सिद्धू ने महत्वपूर्ण मैच से पहले दी बड़ी सलाह
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में आज यानी 12 जून को भारत और USA के बीच महत्वपूर्ण मैच खेला जाना है।
अद्यतन - जून 12, 2024 3:21 अपराह्न

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में आज यानी 12 जून को भारत और USA के बीच महत्वपूर्ण मैच खेला जाना है। दोनों ही टीमों ने अभी तक इस बेहतरीन टूर्नामेंट में दो मैच खेले हैं और दोनों में उन्होंने जीत दर्ज की है। अब जो भी टीम इस मैच को जीत जाएगी वो सुपर 8 के लिए लगभग क्वालीफाई कर जाएगी।
भारतीय टीम ने अभी तक इस टूर्नामेंट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने पहले आयरलैंड को 8 विकेट से हराया और फिर पाकिस्तान के खिलाफ भी जीत दर्ज की। अब USA के खिलाफ भी भारत मैच को अपने नाम जरुर करना चाहेगा। हालांकि इस मुकाबले से पहले पूर्व खिलाड़ी नवजोत सिंह सिद्धू ने भारतीय टीम को महत्वपूर्ण सलाह दी है। उनके मुताबिक टीम को अपनी विनिंग कॉन्बिनेशन में कोई भी बदलाव करने की जरूरत नहीं है लेकिन अगर उन्हें अक्षर पटेल या जडेजा से बल्लेबाजी की जरूरत नहीं है तो वो प्लेइंग XI में कुलदीप यादव को शामिल कर सकते हैं।
नवजोत सिंह सिद्धू ने स्टार स्पोर्ट्स पर बताया कि, ‘एक्सपेरिमेंट करने की कोई भी जरूरत नहीं है क्योंकि इस समय आप मैच जीत रहे हैं और लय बरकरार रखनी जरूरी है। इसे घूमाने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है। बहुत बार ऐसा होता है कि आप उड़ता हुआ तीर खुद ले लेते हैं। कांबिनेशन की वजह से आपको इसकी बिल्कुल भी जरूरत नहीं है।’
अक्षर पटेल की जगह कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया जा सकता है: नवजोत सिंह सिद्धू
पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘टीम कांबिनेशन काफी अलग है और आपको हर तरीके से चीजों को सही बैठाने की जरूरत है। हां आप एक काम कर सकते हैं, अगर अमेरिका के खिलाफ आप अपने दोनों स्पिनर्स से बल्लेबाजी नहीं चाहते हैं तो टीम में कुलदीप यादव को शामिल किया जा सकता है। वो USA के खिलाफ घातक साबित हो सकते हैं।
मेरे हिसाब से अक्षर पटेल की जगह कुलदीप यादव को लिया जा सकता है। हालांकि अक्षर पटेल ने पिछले मैच में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। आगामी मैच भारतीय टीम के लिए काफी जरूरी है और वो उसे अपने नाम जरूर करना चाहेंगे।’