जब राहुल द्रविड़ ने अक्षर पटेल को लेकर अपने तीखे जवाब से की पत्रकार की बोलती बंद - क्रिकट्रैकर हिंदी

जब राहुल द्रविड़ ने अक्षर पटेल को लेकर अपने तीखे जवाब से की पत्रकार की बोलती बंद

अक्षर पटेल से भारत बनाम साउथ अफ्रीका तीसरे T20I मैच में केवल एक ओवर डलवाया गया था।

Akshar Patel and Rahul Dravid (Image Source: BCCI)
Akshar Patel and Rahul Dravid (Image Source: BCCI)

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इंदौर में 4 अक्टूबर को खेले गए तीसरे और अंतिम T20I मैच में भारत की 49 रनों की हार के बाद एक पत्रकार टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को मैच-अप पर भारत की निर्भरता को लेकर अपने सवाल से खिझाने में कामयाब रहा, लेकिन उसे अंततः दिग्गज से ऐसी प्रतिक्रिया मिली कि उसकी बोलती बंद हो गई।

दरअसल, मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, राहुल द्रविड़ से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतिम T20I मैच के दौरान अक्षर पटेल के इस्तेमाल को लेकर सवाल पूछा गया, क्योंकि जब क्विंटन डी कॉक (68) और रिले रोसौव (100*) भारतीय गेंदबाजों की धुनाई कर रहे थे, तब भी मेजबान टीम ने बाएं-हाथ के स्पिनर का इस्तेमाल नहीं किया।

जब राहुल द्रविड़ ने की पत्रकार को बोलती बंद

आर अश्विन एकमात्र ऐसे भारतीय गेंदबाज थे जिन्होंने तीसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ प्रति ओवर 10 से कम रन दिए, जबकि अन्य गेंदबाजों ने जमकर रन लुटाए थे, वहीं अक्षर पटेल से केवल एक ओवर डलवाया गया, जो कई लोगों के समझ के परे था। इस बीच, अक्षर पटेल से गेंदबाजी नहीं कराने के फैसले के पीछे के कारण के बारे में पूछे जाने पर, भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच ने कहा कि दक्षिण अफ्रीकी टीम में काफी सारे बाएं-हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज थे, इसलिए बाएं-हाथ के स्पिनर को गेंद के साथ ज्यादा मौका नहीं दिया गया।

राहुल द्रविड़ ने मैच-अप पर भारत की निर्भरता के बारे में सवाल पूछने वाले पत्रकार को जवाब देते हुए कहा: “क्रिकेट में मैच-अप बहुत महत्वपूर्ण होते हैं, तो जाहिर सी बात हैं मैच-अप हमारे लिए भी महत्वपूर्ण हैं। लेकिन मैच-अप अधिक महत्वपूर्ण हैं या नहीं, यह आप लोगों पर है कि आप इसे गहराई से देखें और देखें कि मैच-अप के बारे में आंकड़े आपको क्या बताते हैं, बाएं-हाथ के स्पिनर के खिलाफ बाएं-हाथ के बल्लेबाजों के आंकड़े क्या कहते हैं। शायद आपको इसका जवाब मिल जाए।

केवल हम ही नहीं, बहुत सी टीमें मैच-अप का उपयोग करती हैं। हमारी तरह, बहुत सी अन्य टीमें आंकड़ों को, संख्याओं में देखती हैं और फिर फैसला लेती हैं। मुझे लगता है कि अगर आप इनमें से कुछ नंबरों पर ध्यान दें, तो आपको कुछ जवाब मिल सकते हैं। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आप उनमें से कुछ आंकड़ों  को गहराई से देखें, जितनी गहराई से हम देखते हैं, तो शायद आपको आपके सवालों के जवाब मिल जाएंगे।”

close whatsapp