अब तो हद ही हो गई, विराट की खराब फॉर्म के लिए रोहित शर्मा मीडिया को जिम्मेदार बता रहे हैं
2019 के बाद से विराट कोहली के बल्ले से नहीं निकला है एक भी शतक।
अद्यतन - फरवरी 15, 2022 5:12 अपराह्न

विराट कोहली का फॉर्म पिछले कुछ दिनों से क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में कुछ अर्धशतक बनाए, लेकिन भारत के पूर्व कप्तान वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू सीरीज में केवल 26 रन ही बना सके। वहीं कोहली पिछले एकदिवसीय मैच में बिना खाता खोले ही आउट हो गए।
इसलिए जब टी-20 सीरीज से पहले जब कप्तान रोहित शर्मा प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए तो उन्हें विराट के फॉर्म को लेकर सवालों का सामना करना पड़ा। लेकिन इस दौरान रोहित ने जो सभी को जवाब दिया वो काफी हैरान करने वाला था। उनकी जवाब से मानो ऐसा लग रहा था कि वो विराट को फॉर्म को लेकर सवालों से तंग आ चुके हैं यहां तक की उन्होंने मीडिया से इस मामले को लेकर चुप रहने को कहा।
विराट कोहली की फॉर्म पर रोहित शर्मा ने दिया बड़ा बयान
पहले टी-20 मैच की पूर्व संध्या पर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने इस दौरान पूर्व कप्तान के फॉर्म को लेकर कहा कि, “मुझे लगता है कि यह सब आप (मीडिया) से शुरू होता है। यदि आप लोग कुछ दिन चुप रहेंगे तो सब कुछ सही होगा। आपकी तरफ से बातें रुक जाएंगी तो सब ठीक कर लिया जाएगा।”
रोहित ने आगे कहा कि, “वह काफी अच्छी स्थिति में है और एक दशक से अधिक समय से अंतरराष्ट्रीय टीम का हिस्सा है। उसने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इतना अधिक समय बिताया है कि उसे पता है कि दबाव की स्थिति से कैसे निपटना है। इसलिए मुझे लगता है कि सभी चीजों की शुरुआत आप लोगों से होती है, अगर आपलोग शांत रहेंगे तो सब चीजें आसानी से ठीक हो जाएगी।”
टीम में लगातार चोटिल हो रहे खिलाड़ियों को लेकर रोहित शर्मा ने कहा कि, “हमारा बहुत व्यस्त कार्यक्रम है और चोट लगना तय है। यह महत्वपूर्ण है कि हम उन लोगों को मौका दें जो उन भूमिकाओं को भरने जा रहे हैं। यह महत्वपूर्ण है कि हम इस सीरीज और इसके बाद आने वाली अगली सीरीज में अच्छी क्षमता का उपयोग करें और देखें कि जिन्हे मौके मिलते हैं, वो हमें क्या पेशकश कर सकते हैं।”