टी-20 वर्ल्ड कप 2022: भारतीय टीम को अपनी गेंदबाजी में अभी भी सुधार करने की जरूरत है: कपिल देव
कपिल देव की माने तो भारतीय टीम को पावरप्ले का शानदार तरीके से उपयोग करना चाहिए, साथ ही टीम अंतिम ओवरों में अभी भी काफी रन लुटा रही है जो अच्छी बात नहीं है।
अद्यतन - अक्टूबर 28, 2022 3:39 अपराह्न

पूर्व कप्तान कपिल देव का मानना है कि भले ही भारतीय टीम ने नीदरलैंड के खिलाफ बेहतरीन जीत दर्ज की हो लेकिन अभी भी उन्हें कुछ चीजों में सुधार करने की जरूरत है। बता दें, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव के शानदार नाबाद अर्धशतक की बदौलत भारत ने नीदरलैंड के खिलाफ 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 179 रन बनाए थे।
180 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 123 रन ही बना पाई और 56 रन से मुकाबला हार गई। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने 3 ओवर में 9 रन देकर दो विकेट झटके। उनके अलावा अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन ने भी दो-दो विकेट अपने नाम किए। मोहम्मद शमी ने एक विकेट हासिल किया।
बता दें, जब भारतीय टीम बल्लेबाजी कर रही थी तब उनके शुरूआती 10 ओवर में 67 रन थे। इसके बाद टीम ने आक्रामक क्रिकेट खेल आखिरी के 10 ओवर में 112 रन बनाए।
गेंदबाजी में अभी भी सुधार करने की जरूरत है: कपिल देव
कपिल देव की माने तो भारतीय टीम को पावरप्ले का शानदार तरीके से उपयोग करना चाहिए, साथ ही टीम अंतिम ओवरों में अभी भी काफी रन लुटा रही है जो अच्छी बात नहीं है।
कपिल देव ने एबीपी न्यूज़ में कहा कि, ‘गेंदबाजी पहले से बेहतर हुई है। बल्लेबाजी में मुझे लगता है कि टीम को और रन बनाने की जरूरत है। टीम ने अंतिम 10 ओवरों में 100 रन से ज्यादा बनाए थे लेकिन शुरुआत काफी धीमी की थी। देखिए ऑस्ट्रेलिया के मैदान काफी बड़े हैं और यह चीज स्पिनरों के लिए काफी लाभदायक होने वाली है। मुझे अभी भी लगता है कि कि गेंदबाजी में और सुधार करने की जरूरत है।’
कपिल देव ने आगे कहा कि, ‘नीदरलैंड जैसी टीमों के खिलाफ आपको योजना के तहत गेंदबाजी करनी चाहिए। ऐसे मैचों में वाइड और नो गेंदों को कम से कम फेंकना चाहिए क्योंकि आप मुकाबले जीतने के लिए खेल रहे हैं। सब मिलाकर मैं यही कहूंगा कि गेंदबाजी अच्छी है लेकिन कुछ कमियां अभी भी साफ-साफ दिख रही हैं।’
विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव को लेकर कपिल देव ने आगे कहा कि, ‘ सूर्यकुमार यादव को अभी तक टीम की ओर से जितने भी मौके मिले हैं उन्होंने उसका भरपूर फायदा उठाया है। वो तेजी से रन बनाते हैं और इसके लिए उनकी प्रशंसा करनी चाहिए। भारतीय टीम अभी भी यह चाहेगी कि उनके कप्तान रोहित शर्मा और केएल राहुल रन बनाए।
विराट कोहली अपना काम बखूबी से कर रहे हैं। टीम के प्रदर्शन से मैं खुश हूं लेकिन कमियों को बेहतर करने की जरूरत है।’