IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फिर फेल हुए रोहित शर्मा, खराब शॉट खेलकर गंवाया अपना विकेट
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच के पहली पारी में रोहित शर्मा 35 रन पर हुए आउट।
अद्यतन - Mar 11, 2023 12:25 pm

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथा टेस्ट मैच जीतना टीम इंडिया के लिए बेहद ज्यादा जरूरी है। इस टेस्ट मैच में जीत दर्ज कर टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच जाएगी। चौथे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 480 रन बोर्ड पर लगा दिए। वहीं पहली पारी में अब तक टीम इंडिया के गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है।
दूसरे दिन के अंत तक भारत बिना विकेट गंवाए 36 रन बना चुकी थी। दोनों ही ओपनर शुभमन गिल और रोहित शर्मा लय में नजर आ रहे थे। लेकिन तीसरे दिन की शुरूआत में कप्तान रोहित शर्मा मैथ्यू कुह्नमैन के शिकार होकर मात्र 35 रन पर विकेट गंवा बैठे।
सस्ते में पवेलियन लौटे हिटमैन रोहित शर्मा
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की शुरूआत रोहित शर्मा ने शानदार अंदाज में की थी। नागपुर में खेले गए पहले टेस्ट मैच में रोहित शर्मा ने 120 रनों की शतकीय पारी खेली थी। लेकिन उसके बाद रोहित शर्मा अब तक बड़ी पारी खेलने में नाकामयाब रहे हैं। चौथे टेस्ट मैच में रोहित शर्मा ने शुरुआत में कुछ अच्छे शॉट्स जरूर खेले लेकिन इसे वो बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए। वह 35 रन पर मैथ्यू कुह्नमैन की गेंद पर गलत शॉट खेलकर आउट हो गए।
21वें ओवर की आखिरी गेंद पर रोहित शर्मा खराब शॉट खेलकर मार्नस लाबुशेन को एक आसान सा कैच दे बैठे। रोहित शर्मा एक बड़ी पारी की उम्मीद कर रहे थे लेकिन यहां भी उन्हें सस्ते में पवेलियन लौटना पड़ा।
रोहित ने अपने नाम किया एक और खास रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच के तीसरे दिन में रोहित शर्मा ने अपने करियर में एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। भारतीय कप्तान ने इंटरनेशनल करियर में 17 हजार रन पूरे कर लिए हैं। रोहित ऐसा करने वाले भारत के छठे खिलाड़ी बन गए हैं।
वहीं बात मैच की करें तो तीसरे दिन के पहले सेशन के अंत तक भारत एक विकेट के नुकसान पर 129 रन बना चुका है। भारत इस वक्त ऑस्ट्रेलिया से 351 रन पीछे चल रहा है। शुभमन गिल (65 रन) और चेतेश्वर पुजारा (22 रन) पर क्रिज पर मौजूद है।