भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 20 सितंबर को मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा टी-20 23 सितंबर को नागपुर और तीसरा और अंतिम टी-20 25 सितंबर को हैदराबाद में खेला जाएगा। इस सीरीज में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा के पास एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा।
भारतीय कप्तान ने भारत के लिए अब तक 136 टी-20 मैचों में 3,620 रन बनाए हैं। अनुभवी भारतीय सलामी बल्लेबाज ने अपने शानदार T20I करियर में 171 छक्के और 323 चौके लगाए हैं। टी-20 फॉर्मेट में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में 35 वर्षीय रोहित दूसरे नंबर पर हैं। न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल ने T20I में सबसे ज्यादा छक्के लगाए हैं।
दो छक्के लगते ही एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं रोहित
कीवी सलामी बल्लेबाज ने 121 T20I मैचों में 173 छक्के लगाए हैं। रोहित को गुप्टिल की बराबरी करने के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले T20I में एक छक्का लगाने की जरूरत है। वहीं रोहित दो छक्के लगाते ही क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाला बल्लेबाज बन जाएंगे।
रोहित के बाद तीसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल हैं, जिन्होंने दो बार के वर्ल्ड चैंपियन के लिए सिर्फ 79 मैचों में 124 छक्के लगाए। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन ने 120 छक्के लगाए हैं जबकि ऑस्ट्रेलियाई कप्तान फिंच ने अपने T20I करियर में 117 छक्के लगाए हैं। अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज टी-20 विश्व कप के 2022 संस्करण में गत चैंपियन का नेतृत्व करेंगे।