VIDEO: IND vs BAN के वार्म अप मैच में सिराज ने फेंकी अजीबोगरीब गेंद, बल्लेबाज, अंपायर, फील्डर सभी हुए हैरान
वार्म अप मैच में मोहम्मद सिराज ने लिया एक विकेट।
अद्यतन - जून 2, 2024 7:35 पूर्वाह्न

टी-20 वर्ल्ड कप 2024 से पहले 1 जून (शनिवार) को संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के नासाउ काउंटी स्टेडियम में भारत और बांग्लादेश के बीच एक वार्म-अप मैच खेला गया। कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का विकल्प चुना। भारत को पहला झटका सैमसन के रूप में लगा जो इस मैच में रोहित के साथ ओपनिंग करने आए थे, थोड़ी ही देर बाद कप्तान रोहित शर्मा भी चलते बने।
हालांकि, ऋषभ पंत (53) के अर्धशतक और सूर्यकुमार यादव (31) व हार्दिक पांड्या (40) की तेज-तर्रार पारी की बदौलत भारत ने बोर्ड पर 182 रनों का स्कोर खड़ा किया। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बांग्लादेश के टॉप ऑर्डर को अर्शदीप सिंह ने लगातार ओवरों में आउट करके पवेलियन का रास्ता दिखाया।
इसके बाद चौथे ओवर में मोहम्मद सिराज को गेंदबाजी अटैक पर लाया गया। उस ओवर की पांचवीं गेंद फेंकते हुए सिराज लड़खड़ा गए और गेंद उनके हाथ से छूटकर स्क्वायर लेग पर खड़े फील्डर के पास पहुंच गई। हालांकि, डिलीवरी को डेड बॉल करार दिया गया और अगली ही गेंद पर सिराज ने नजमुल हुसैन शान्तो को आउट कर दिया। शान्तो का कैच हार्दिक पांड्या ने पकड़ा था।
यहां देखें मोहम्मद सिराज की उस गेंद का वीडियो
Did you watched this ball. 🥎
It went so away from Batsman😅
Warmup Match – India vs Bangladesh !! @cricketworldcup @T20WorldCup pic.twitter.com/Qp7qJdmS78
— Rohan Shrivastava (@rohan_sh0808) June 1, 2024
मुकाबले की बात करें तो टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 182/5 का स्कोर खड़ा किया। 183 रन के लक्ष्य के जवाब में बांग्लादेश की टीम ने केवल 122 रन बनाये और मुकाबले को 60 रनों से गंवा दिया। भारत की तरफ से इस मैच में लगभग सभी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। बल्लेबाजी में पंत, सूर्या और हार्दिक चमके तो वहीं गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट लिए।
भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 5 जून को आयरलैंड के खिलाफ इसी मैदान पर खेलेगी। जबकि 9 जून, रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच टूर्नामेंट का महामुकाबला खेला जाएगा। आपको बता दें कि टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली इस वार्म-अप मैच में नहीं खेले थे। उनकी गैरमौजूदगी में संजू सैमसन को ओपनिंग करने का मौका मिला था।