IND vs ENG: शतक बनाने से चूके यशस्वी जायसवाल, दूसरे दिन पहले ही ओवर में बने जो रूट का शिकार
हैदराबाद टेस्ट की पहली पारी में 80 रन बनाकर आउट हुए जायसवाल।
अद्यतन - जनवरी 26, 2024 10:03 पूर्वाह्न

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट मैच में आज दूसरे दिन का खेल खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल पूरी तरह से भारत के नाम रहा। लेकिन इंग्लैंड ने जिस तरह से दूसरे दिन के खेल की शुरुआत की है उसकी कल्पना शायद ही किसी ने की होगी।
दरअसल भारत ने दूसरे दिन 119/1 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। पहले दिन टीम इंडिया की तरफ से शानदार बल्लेबाजी कर रहे है यशस्वी जायसवाल से सभी एक बड़ी पारी की उम्मीद कर रहे थे। पहले दिन उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाजों के धागे खोलते हुए 70 गेंदों में 76 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। ऐसा लग रहा था कि वो आज अपना शतक पूरा करेंगे।
लेकिन वो दूसरे दिन के खेल के पहले ही ओवर में रूट की गेंद पर आउट हो गए और उनकी पारी वहीं समाप्त हो गई। आउट होने के बाद यशस्वी जायसवाल भी खुद से काफी निराश दिखे। उन्हें भी पता था कि उनके पास शतक लगाने का एक शानदार मौका था। आपको बता दें कि पहले दिन के आखिरी सत्र में टीम इंडिया ने रोहित शर्मा का विकेट गंवाया था।
टेस्ट मैच का पहला दिन रहा था भारत के नाम
टीम इंडिया ने इंग्लैंड की पहली पारी को दिन के आखिरी सत्र में 246 रनों के स्कोर पर समेट दिया। इसके बाद अपने टेस्ट करियर का पांचवां मुकाबला खेल रहे यशस्वी जायसवाल की शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारत का पहले दिन के अंत में 1 विकेट के नुकसान पर 119 रन पर किया था।
वहीं मैच की बात करें तो इस वक्त भारत की तरफ से केएल राहुल और शुभमन गिल बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम का स्कोर 147/2 है। अब इन दोनों बल्लेबाजों की कोशिश यहां से इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में बड़ी बढ़त लेने की होगी। वहीं इंग्लैंड के गेंदबाज जल्द से जल्द भारतीय टीम को ऑलआउट करना चाहेंगे।