IND vs ENG: शतक से चूके, फिर भी कुछ बड़े रिकार्ड्स अपने नाम कर गए KL Rahul
राहुल हैदराबाद टेस्ट की पहली पारी में 86 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
अद्यतन - Jan 26, 2024 3:05 pm

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 86 रन बनाए और अपना 9वां टेस्ट शतक लगाने से 14 रनों से चूक गए।
दरअसल जब दूसरे दिन के खेल के पहले ओवर में यशस्वी जायसवाल आउट हुए तब विराट की गैरमौजूदगी में केएल राहुल नंबर चार पर बल्लेबाजी करने के लिए आए। वो इंग्लैंड के खिलाफ मैच में शुरुआत से ही अच्छे लय में दिखे और ऐसा लग रहा था कि वो आसानी से आज शतक पूरा कर लेंगे। लेकिन 86 के व्यक्तिगत स्कोर पर वो टॉम हार्टली की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए।
आपको बता दें कि केएल राहुल ने भले ही इस मैच में अपना शतक पूरा नहीं किया हो लेकिन इस दौरान उन्होंने कुछ बड़े रिकार्ड्स अपने नाम किए। राहुल ने अपनी 86 रनों की पारी के दौरान घर पर 1000 टेस्ट रन भी पूरे कर लिए, जिसके बाद वह ऐसा करने वाले 41वें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल शतक बनाने से चूके
मैच की बात करें तो हैदराबाद टेस्ट मैच के दूसरे दिन के खेल में जहां राहुल ने 86 रनों की बेहतरीन पारी खेली, तो वहीं शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर ने एक बार फिर से अच्छी शुरुआत मिलने के बाद सभी को निराश किया। गिल जहां दूसरे दिन 23 रन बनाकर पवेलियन लौट गए तो वहीं श्रेयस अय्यर 35 रन बनाकर आउट हुए।
हालांकि भारत ने इंग्लैंड की पहली पारी के स्कोर को पार करते हुए फ़िलहाल 63 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। भारत की तरफ से इस वक्त रवींद्र जडेजा (45*) और श्रीकर भरत (9*) बल्लेबाजी कर रहे हैं। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि भारत इस बढ़त को कितना आगे तक ले जाता है।