IND vs IRE: न्यूयाॅर्क की स्लो पिच पर लो स्कोरिंग मुकाबले के बाद भी पिच की आलोचना करने से परहेज कर रहे हैं विक्रम राठौर - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs IRE: न्यूयाॅर्क की स्लो पिच पर लो स्कोरिंग मुकाबले के बाद भी पिच की आलोचना करने से परहेज कर रहे हैं विक्रम राठौर

भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच हैं विक्रम

Vikram Rathour (Image Source: BCCI/Twitter)
Vikram Rathour (Image Source: BCCI/Twitter)

भारत और आयरलैंड (IND vs IRE) के बीच जारी टी20 वर्ल्ड कप 2024 का 8वां मैच कल 5 जून को न्यूयाॅर्क में नवनिर्मित नसऊ काउंटी क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। बता दें कि मैच में तेज गेंदबाजों को पिच से एक असमतल उछाल देखने को मिला, जिससे बल्लेबाजों को बल्लेबाजी करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड की पूरी टीम मात्र 96 रनों पर सिमट गई, जो उनका टी20 क्रिकेट में दूसरा सबसे कम स्कोर भी है। भारत की ओर से गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या ने 3, जसप्रीत बुमराह व अर्शदीप सिंह ने 2-2 और 1 विकेट मोहम्मद सिराज ने हासिल किया।

दूसरी ओर, जब भारत इस टारगेट का पीछा करने उतरी तो विराट कोहली (1) के रूप में टीम इंडिया को पहला झटका बहुत ही जल्दी लग गया। लेकिन इसके बाद बल्लेबाज करने आए ऋषभ पंत (36*) ने कप्तान रोहित शर्मा (52) से साथ मिलकर 69 रनों की साझेदारी कर, मैच भारत की झोली में डाल दिया।

लेकिन मैच के खत्म होने के बाद न्यूयाॅर्क स्टेडियम की पिच की काफी आलोचना देखने को मिली। तो वहीं अब इस पर भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर (Vikram Rathour) का बड़ा बयान सामने आया है। राठौर का कहना है कि यह बल्लेबाजों की जिम्मेदारी है कि कठिन परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालें।

विक्रम राठौर ने दिया बड़ा बयान

भारत की आयरलैंड के खिलाफ 8 विकेट से जीत के बाद विक्रम राठौर ने पोस्ट मैच के दौरान इंडिया टुडे की एक खबर के अनुसार कहा- यह एक चुनौतीपूर्ण विकेट था और हम एक चुनौतीपूर्ण विकेट की उम्मीद कर रहे थे, क्योंकि हमने यहां प्रैक्टिस मैच खेला था।

तो हम जानते थे कि पिच से क्या उम्मीद करनी है। इसलिए, यह जो है सो है। हमें इससे निपटने का तरीका ढूंढने की जरूरत है और मुझे लगता है कि इससे निपटने के लिए हमारी टीम में पर्याप्त स्किल और पर्याप्त अनुभव है।

हमारे पास काफी अच्छे बल्लेबाज हैं, जो किसी भी तरह की पिच पर अच्छी बल्लेबाजी कर सकते हैं। मुझे लगता है कि यह कई वर्षों से हमारी ताकत रही है। हम विभिन्न परिस्थितियों में वास्तव में अच्छी तरह से खुद को ढाल सकते हैं। मुझे लगता है कि इस पिच पर आपको वास्तव में खुद को अच्छी तरह से ढालने की जरूरत है। इसके बारे में बहुत अधिक चिंता नहीं करनी चाहिए।

close whatsapp