IND vs PAK Turning Point of Match: हारता हुआ मैच कहां जीती टीम इंडिया, इस पाकिस्तान बल्लेबाज ने की मदद!
ND vs PAK : पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 113 रन ही बना सकी और टीम इंडिया ने 6 रनों से जीत दर्ज की।
अद्यतन - Jun 10, 2024 1:54 am

IND vs PAK Turning Point of Match: भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 वर्ल्ड को 2024 का 19 वां मैच न्यूयॉर्क में खेला गया। इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और भारत को 119 रनों पर ऑल आउट कर दिया। हालांकि, जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 113 रन ही बना सकी और टीम इंडिया ने 6 रनों से जीत दर्ज की।
IND vs PAK Turning Point of Match: मोहम्मद रिजवान का विकेट था मैच का टर्निंग पॉइंट
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम काफी मजबूत स्थिति में दिख रही थी। 14वें ओवर में एक वक्त पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 80 रन था। इसके बाद मैच पलटा जब रिजवान आउट हुए। 15वें ओवर की पहली ही गेंद पर बुमराह ने रिजवान को क्लीन बोल्ड किया, वह 44 गेंद में 31 रन बनाकर आउट हुए। रिजवान शुरुआत से जिस तरह की बल्लेबाजी कर रहे थे वो टीम इंडिया के लिए घातक बनते जा रहे थे। रिजवान ने 1 चौका और 1 छक्का लगाया था जो दर्शाता है की वह फील्ड पर इतने गेंद खेलने के बाद सेट हो रहे थे।
मैच भारत के हाथों से लगभग निकलता ही जा रहा था और उनके पास बुमराह नाम के उम्मीद की किरण थी जो विकेट दिलवा सकता था। रोहित शर्मा ने जसप्रीत बुमराह के हाथों में गेंद थमाई और उन्होंने काम खत्म करके दिया। लेकिन अगर आप पाकिस्तान के नजरिए से देखें तो मोहम्मद रिजवान की 70.45 के स्ट्राइक रेट की पारी उनके ही टीम पर भारी पड़ गई। ना उन्होंने दूसरे खिलाड़ियों के लिए बॉल छोड़ी और ना ही तेजी से रन बनाए।
19वां ओवर टीम इंडिया के लिए था जीत का इक्का
उसके साथ ही जसप्रीत बुमराह ने 19वें ओवर में जो किफायती गेंदबाजी की उसने पाकिस्तान के हाथों से मैच छीन लिया। बुमराज ने मैच के निर्णायक ओवर और अपने आखिरी ओवर में बस 3 रन दिए और 1 विकेट अपने नाम किया। बुमराह ने पूरे मैच में 4 ओवर फेंके और उन्होंने 3 विकेट लेकर बस 14 रन दिए जिसने मैच में टीम इंडिया की वापसी कराई। टीम इंडिया की हार निश्चित लग रही थी, लेकिन बुमराह-अर्शदीप, सिराज और हार्दिक पांड्या की तेज गेंदबाजी की चौकड़ी ने भारत को मैच जिता दिया।