IND vs SL: उमरान मलिक ने 156 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंक तोड़ डाला अपना ही रिकॉर्ड
उमरान मलिक अब भारत के लिए वनडे और टी-20 में सबसे तेज गेंद फेंकने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
अद्यतन - Jan 11, 2023 1:08 pm

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने अपना ही रिकाॅर्ड तोड़, एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बता दें अब उमरान मलिक भारत के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे तेज गेंद फेंकने वाले गेंदबाज बन गए है। श्रीलंका के खिलाफ 10 जनवरी को हुए पहले वनडे मैच में मलिक ने 156 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से एक गेंद फेंकी है।
वहीं इससे पहले उमरान मलिक श्रीलंका के खिलाफ पहले टी-20 मैच में 155 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से एक गेंद फेंकी है। इसके बाद वह भारत के लिए टी-20 क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज गेंदबाज बन गए थे। लेकिन कल श्रीलंका के खिलाफ हुए पहले वनडे मैच में उन्होंने अपनी ही एक रिकाॅर्ड तोड़ते हुए, नया रिकाॅर्ड बना दिया है।
बता दें कि 23 साल के मलिक अब तक भारत के लिए 6 वनडे मैचों में कुल 10 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। तो वहीं श्रीलंका के खिलाफ मलिक ने भारत को मैच जिताने में अहम योगदान दिया, मैच के दौरान फेंके गए आठ ओवर में उन्होंने 57 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके।
भारत ने बनाई वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त
गौरतलब है कि मैच के दौरान लंकाई बल्लेबाज उमरान मलिक पर आसानी से रन नहीं बना पा रहे थे। मलिक की गेंदें कल कहर बरपा रही थी। दूसरी तरफ इस मैच को जीतने के बाद भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अब भारत और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 12 जनवरी को कोलकाता में खेला जाएगा।
बता दें कि इस मैच में उमरान मलिक के अलावा पूर्व कप्तान विराट कोहली ने भी शानदार प्रदर्शन किया। कोहली ने मैच में अपने वनडे करियर का 45वां शतक पूरा किया। मैच में किंग कोहली ने 87 गेंदों में 12 चौके और 1 छक्के की मदद से 113 रनों की पारी खेली। टीम इंडिया को अब कोहली से ऐसे ही शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।