जरा सी चूक पड़ सकती है भारी: श्रीलंकाई दिग्गज ने आगामी टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को दी चेतावनी
रसेल अर्नोल्ड ने कहा श्रीलंका के खिलाफ जरा भी लापरवाही भारतीय टीम पर भारी पड़ सकती है।
अद्यतन - Mar 1, 2022 12:59 pm

भारत और श्रीलंका के बीच 4 मार्च से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। इस टेस्ट सीरीज से पहले श्रीलंका के पूर्व ऑलराउंडर रसेल अर्नोल्ड ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा टीम इंडिया के पास एक से बढ़कर एक बेहतरीन खिलाड़ी है, लेकिन अगर उन्होंने श्रीलंका को हल्के में लिया तो मेहमान टीम मेजबान टीम पर भारी पड़ सकती है।
पूर्व ऑलराउंडर ने कहा अगर भारतीय टीम ने टेस्ट सीरीज में जरा भी लापरवाही बरती तो श्रीलंका टीम पलटवार जरूर करेगी, और मेजबान टीम को इसके लिए तैयार रहना चाहिए। बता दें, टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 4 मार्च से मोहाली में खेला जाएगा, वहीं दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच (डे-नाईट मैच) 12 मार्च से बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारत श्रीलंका को ना ले हल्के में: रसेल अर्नोल्ड
Cricket.com से बातचीत के दौरान रसेल अर्नोल्ड ने कहा भारतीय टीम लापरवाह नहीं हो सकती है। टीम इंडिया ने श्रीलंका सीरीज के लिए कई सारे बदलाव किए हैं, और वे जो भी खिलाड़ी टीम में लाते हैं, सभी काफी जबरदस्त होते हैं। भारतीय क्रिकेट टीम विरोधी टीम को सांस लेने तक का मौका नहीं देता है।
हालांकि, पूर्व ऑलराउंडर ने कहा टीम इंडिया के अंदर दरार जरूर है, जिसका फायदा उठाने के लिए श्रीलंका क्रिकेट टीम किसी भी वक्त पूरी तरह तैयार होगी, इसीलिए मेजबान टीम को आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने से बचना चाहिए।
आपको बता दें, मोहाली में खेले जाने वाले पहले टेस्ट के लिए फैंस को विराट कोहली के 100वें मैच को देखने के लिए स्टेडियम में आने के लिए अनुमति नहीं दी गई हैं, जबकि बेंगलुरु में गुलाबी गेंद के टेस्ट मैच के लिए 50 फीसदी फैंस की उपस्थिति को अनुमति दी गई है।
इस डे-नाईट टेस्ट मैच के लिए टिकटों की ऑनलाइन बिक्री कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ की वेबसाईट पर 1 मार्च से शुरू होगी, वहीं बॉक्स ऑफिस पर टिकटें 6 मार्च को सुबह 10 बजकर 30 मिनट से उपलब्ध होगी। ऑनलाइन टिकट खरीद्कर्ता 8 मार्च से बॉक्स ऑफिस पर उन्हें प्राप्त कर सकते हैं।