टी-20 वर्ल्ड कप 2022: किन दो टीमों के बीच खेला जाएगा फाइनल मुकाबला? सुनील गावस्कर ने सुनाया अपना फैसला
भारतीय टीम ने ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में अपने अभ्यास मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 6 रन से मात दी।
अद्यतन - Oct 18, 2022 3:27 pm

भारतीय टीम ने ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में अभ्यास मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 6 रन से मात दी। भारत की ओर से केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव ने शानदार अर्धशतक जड़ा और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। यही नहीं अनुभवी खिलाड़ी विराट कोहली ने इस मैच में कमाल की फील्डिंग की और पैट कमिंस का शानदार कैच पकड़ा।
उन्होंने इस कैच के साथ-साथ टिम डेविड को भी रनआउट किया। मोहम्मद शमी ने इस मैच में मात्र 1 ओवर फेंका जिसमें उन्होंने 4 रन देकर तीन विकेट झटके। इसी के साथ भारत के पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने उन दो टीमों को चुना है जो इस बार के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में खेलते हुए नजर आ सकती हैं।
सुनील गावस्कर ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हो चुके अभ्यास मुकाबले से पहले स्टार स्पोर्ट्स में बातचीत के दौरान कहा कि, ‘इंडिया पक्का फाइनल में पहुंचेगी और क्योंकि मैं ऑस्ट्रेलिया में हूं इसलिए मैं ऑस्ट्रेलिया कहना चाहूंगा।’
टॉम मूडी ने भी भारत और ऑस्ट्रेलिया का नाम लिया
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी टॉम मूडी ने भी फाइनल की दो टीमों को लेकर अपना फैसला सुनाया। उनका मानना है कि ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, इंडिया और पाकिस्तान सेमी-फाइनल में अपनी जगह बनाएंगी और भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस मुख्य टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
इस मामले पर टॉम मूडी ने अपना फैसला सुनाते हुए कहा कि, ‘मैं आपको टॉप 4 का नाम बताऊंगा। अपने ग्रुप से ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जाएंगी और मुझे लगता है कि दूसरे ग्रुप से भारत और पाकिस्तान सेमी-फाइनल में जगह बनाएंगी। मुझे लगता है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस मुख्य टूर्नामेंट का फाइनल खेला जाएगा।’
पिछले कुछ समय में सभी टीमों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। अब देखना यह होगा कि इस मुख्य टूर्नामेंट की ट्रॉफी कौन सी टीम अपने नाम करती है।
टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए यह रही भारतीय टीम:
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पंड्या, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद शमी।
रिजर्व खिलाड़ी:
मोहम्मद सिराज, श्रेयस अय्यर, रवि बिश्नोई, शार्दुल ठाकुर।