मुंबई इंडियंस और भारतीय फैंस के लिए बुरी खबर, IPL 2023 और WTC 2023 के फाइनल को मिस कर सकते हैं जसप्रीत बुमराह
जसप्रीत बुमराह ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला सितंबर 2022 में खेला था।
अद्यतन - Feb 27, 2023 9:38 am

भारतीय टीम के शानदार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की चोट को ठीक होने में अभी और भी समय लग सकता है और इसी वजह से वो इंडियन प्रीमियर लीग 2023, जो 31 मार्च से शुरू हो रही है और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल जो जून में खेला जाएगा उसमें बुमराह का खेलना काफी मुश्किल लग रहा है।
बता दें, जसप्रीत बुमराह ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला सितंबर 2022 में खेला था। उम्मीद लगाई जा रही थी कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस समय खेले जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 के आखिरी दो टेस्ट मुकाबलों में बुमराह भारतीय टीम में वापसी कर सकते हैं। लेकिन उनका नाम एक बार फिर स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया।
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय खिलाड़ी को ठीक होने में थोड़ी समस्या हो रही है और उन्हें पूरी तरह से फिट होने में अभी थोड़ा और समय लगेगा। जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम के बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं और अगर वो आने वाले महत्वपूर्ण मुकाबलों में नहीं खेलते हैं तो टीम को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
क्या IPL और WTC का फाइनल मैच खेलेंगे जसप्रीत बुमराह?
उसी रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) जसप्रीत बुमराह को लेकर जल्दबाजी नहीं करना चाहता हैं। BCCI और NCA यही चाहती है कि बुमराह पहले पूरी तरह से फिट हो जाए और 2023 वनडे वर्ल्ड कप के लिए वो पूरी तैयारी के साथ मैदान पर उतरे।
अगर जसप्रीत बुमराह इंडियन प्रीमियर लीग को मिस करते हैं तो यह मुंबई इंडियंस के लिए बहुत बड़ी समस्या हो सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि IPL के पिछले सत्र में मुंबई इंडियंस अंक तालिका के सबसे नीचे पायदान पर रही थी। भले ही जोफ्रा आर्चर आगामी सत्र में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे लेकिन बुमराह का खेलना आगामी सत्र में बेहद जरूरी था।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल जून में खेला जाना है और भारत फाइनल के लिए लगभग क्वालीफाई कर चुकी है। इस शानदार टूर्नामेंट के फाइनल के लिए भारत को बुमराह की बेहद जरूरत होगी लेकिन अब उनकी चोट को लेकर आगे क्या फैसला लिया जाता है इसकी जानकारी बहुत जल्द सबके सामने आ जाएगी।