कपिल देव को भरोसा ही नहीं है टीम इंडिया पर, कहा- वर्ल्ड कप में टॉप 4 में भी इनका जगह बना पाना है मुश्किल - क्रिकट्रैकर हिंदी

कपिल देव को भरोसा ही नहीं है टीम इंडिया पर, कहा- वर्ल्ड कप में टॉप 4 में भी इनका जगह बना पाना है मुश्किल

भारतीय टीम वर्ल्ड कप जीतेगी या नहीं इसको लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता: कपिल देव

Kapil Dev. (Photo Source: SUJIT JAISWAL/AFP via Getty Images)
Kapil Dev. (Photo Source: SUJIT JAISWAL/AFP via Getty Images)

भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव ने टीम इंडिया के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाओं पर चिंता व्यक्त की है। उनके मुताबिक भारत का टॉप 4 में पहुंचना काफी मुश्किल लग रहा है। बता दें, टी-20 वर्ल्ड कप 2022 का पहला सत्र भारतीय टीम ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में अपने नाम किया था और अब टीम रोहित शर्मा की कप्तानी में इसे दूसरी बार अपने नाम करने मैदान पर उतरेंगी।

टी-20 वर्ल्ड कप के कई सत्रों में ऐसा काफी बार हुआ है जब भारतीय टीम टॉप 4 में भी अपनी जगह बनाने में नाकाम रही है, लेकिन इस बार वो सिर्फ इसे जीतने के इरादे से खेलेगी।

कपिल देव ने लखनऊ में हुए एक प्रमोशनल इवेंट में कहा कि, ‘आप अपनी टीम में ऑलराउंडरों के अलावा क्या चाहते हैं, जो ना केवल आपको वर्ल्ड कप बल्कि और भी मुकाबले या टूर्नामेंट में जीत दिला सकें। हार्दिक पांड्या जैसे क्रिकेटर भारतीय टीम में अहम भूमिका निभाते हैं। ऑलराउंडर किसी भी टीम के लिए अहम खिलाड़ी होते हैं और फिर वो इसी टीम के मजबूत पहलू बन जाते हैं।

हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी रोहित शर्मा को 6वें गेंदबाज का भी विकल्प देते हैं। पांड्या काफी अच्छे बल्लेबाज भी हैं और फील्डर भी। रवींद्र जडेजा भी टीम इंडिया के एक शानदार ऑलराउंडर है।

भारतीय टीम की टॉप 4 में जगह बनाने को लेकर कपिल देव ने कही ये बात

कपिल देव ने आगे कहा कि, ‘टी-20 क्रिकेट में जो टीम एक मैच जीतती है वो दूसरा हार भी सकती है। भारतीय टीम वर्ल्ड कप जीतेगी या नहीं इसको लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता। समस्या यह है कि क्या वो टॉप 4 में अपनी जगह बना पाएगी? जब तक वो टॉप 4 में नहीं आ जाती तब तक कुछ भी कहना काफी मुश्किल होगा। मेरे हिसाब से सिर्फ 30% ही इसकी उम्मीद हैं कि वो टॉप 4 में अपनी जगह बना पाएगी।’

बता दें, भारतीय टीम को इस टूर्नामेंट का अपना पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ 23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेलना है। टीम इस टूर्नामेंट की शुरुआत जीत से करना चाहेगी।

close whatsapp