‘टीम इंडिया सिर्फ दुबई में खेलती है, क्या वे शारजाह और अबू धाबी में खेलने से डरते हैं?’- सिकंदर बख्श का विवादित सवाल
टी-20 एशिया कप 2022 के सुपर 4 मुकाबले में आज यानी 4 सितंबर को भारत दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान का सामना करेगा।
अद्यतन - Sep 4, 2022 5:15 pm

एशिया कप 2022 के सुपर 4 मुकाबले में आज यानी 4 सितंबर को भारत दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान का सामना करेगा। दोनों ही टीमों ने अभी तक इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और उम्मीद यही है कि यह मुकाबला भी काफी जबरदस्त होगा।
हालांकि इस मुकाबले से पहले पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर सिकंदर बख्त ने भारत को लेकर विवादित बयान दिया है। पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव, मोहम्मद अजहरुद्दीन और अतुल वासन की मौजूदगी वाली पैनल से एक डिबेट में बख्त ने पूछा कि क्या टीम इंडिया शारजाह और अबु धाबी में खेलने से डरती है?
पहले भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला शारजाह में होने वाला था लेकिन आपने इसे बदल दिया: सिकंदर बख्त
जियो सुपर में सिकंदर बख्श ने कहा कि, ‘मैं सिर्फ यह जानना चाहता हूं कि भारत शारजाह या अबू धाबी में क्यों नहीं खेलना चाहता? वो सिर्फ दुबई में खेलते हैं। क्या आप लोग शारजाह में खेलने से डरते हैं?’ उन्होंने आगे कहा कि, ‘शेड्यूल में पहले भारत का मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ शारजाह में था, आपने उसे बदलकर दुबई में रखवा दिया। आपको शारजाह में जाने से डर लगता है क्या? मैंने यही सवाल अपने लोगों से पूछा था और अब आपसे पूछ रहा हूं।’
इस पर कपिल देव और मोहम्मद अजहरूद्दीन ने कुछ नहीं कहा लेकिन अतुल वासन ने मजाकिया ढंग से उत्तर दिया कि शारजाह में पहले उनका रिकॉर्ड काफी खराब रहा है। वासन ने कहा कि, ‘वो ग्राउंड हमारे लिए काफी खराब रहा है। अब जब हम ICC के साथ मजबूत पक्ष में है इसलिए हम वहां नहीं खेल रहे हैं।’
ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को दी थी मात
बता दें, एशिया कप 2022 के ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से मात दी थी। इस मुकाबले में भारत के सीनियर तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि हार्दिक पांड्या ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। यही नहीं पंड्या ने 17 गेंदों में 33* रन की आक्रामक पारी भी खेली। वहीं भारत इस मुकाबले को भी अपने नाम करना चाहेगी।