टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का हुआ ऐलान
वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का हुआ ऐलान
अद्यतन - सितम्बर 8, 2021 9:48 अपराह्न

आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के शुरू होने का इंतजार करोड़ों क्रिकेट फैंस काफी बेसब्री के साथ कर रहे हैं। 17 अक्टूबर से इस मेगा इवेंट की शुरुआत यूएई और ओमान में की जाएगी। इस इवेंट के लिए जहां सबसे पहले न्यूजीलैंड ने अपनी टीम का ऐलान किया था तो वहीं, उसके बाद ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान ने भी अपनी 15 सदस्यों की टीम की घोषणा कर दी है।
कहां होगा इस बार का वर्ल्ड कप?
अब इस वर्ल्ड कप की मेजबानी करने वाले भारत ने भी अपनी 15 सदस्यों की टीम का ऐलान कर दिया है, जिसमें अधिकतर नाम पहले से ही तय माने जा रहे थे। भारतीय टीम इस समय भले ही इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज खेलने में व्यस्त है, लेकिन इसके बाद टीम के खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप के शुरू होने से पहले अभ्यास के लिए IPL 2021 के बाकी बचे मैचों में खेलने का मौका मिलेगा जो यूएई में होंगे।
प्रमुख खिलाड़ियों से ज्यादा उम्मीदें
इससे टी-20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रहने वाले खिलाड़ियों को वहां के हालात में खुद को अच्छी तरह ढालने में काफी आसानी होगी। टीम को लेकर बात की जाए तो कप्तान विराट कोहली के अलावा रोहित शर्मा के प्रदर्शन पर सबसे ज्यादा सभी की नजरें रहने वाली हैं। वह इस साल अभी तक भारत के लिए सबसे शानदार फॉर्म में रहे हैं।
टी-20 वर्ल्ड कप में कब खेलेगा भारत अपना पहला मैच?
भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान का आगाज पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के साथ 24 अक्टूबर को करेगी। यह मैच दुबई के मैदान पर भारतीय समयानुसार शाम 7 बजकर 30 मिनट पर खेला जाएगा। भारतीय टीम को टी-20 वर्ल्ड कप में सुपर-12 के ग्रुप 2 में जगह दी गई है, जिसमें पाकिस्तान के अलावा न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान की टीम भी शामिल है। इसके अलावा 2 टीमें इस ग्रुप के लिए क्वालीफाई करेंगी।
यहां पर देखिए भारत की टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम
विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (वीसी), केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, राहुल चाहर, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी।
स्टैंडबाय खिलाड़ी-
श्रेयस अय्यर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर।
महेंद्र सिंह धोनी की हुई वापसी
टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के लिए पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भारतीय टीम का मेंटर चुना गया है। BCCI सचिव जय शाह ने कहा कि, मैंने दुबई में धोनी से बात की थी। वह इस फैसले से सहमत थे और केवल टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया के मेंटर बनने के लिए तैयार हो गए। मैंने कप्तान, उप-कप्तान और रवि शास्त्री से भी बात की और उन सभी को भी यह फैसला सही लगा।