एशिया कप 2022: सिर्फ भारतीय टीम की नहीं बल्कि सभी टीमें इस बात से खुश होंगी कि शाहीन अफरीदी इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे है: स्कॉट स्टायरिस - क्रिकट्रैकर हिंदी

एशिया कप 2022: सिर्फ भारतीय टीम की नहीं बल्कि सभी टीमें इस बात से खुश होंगी कि शाहीन अफरीदी इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे है: स्कॉट स्टायरिस

सिर्फ भारतीय टीम ही नहीं बल्कि तमाम देशों के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों के लिए यह खुशखबरी है की शाहीन अफरीदी इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं: स्कॉट स्टायरिस

shaheen afridi and scott styris (source-twitter)
shaheen afridi and scott styris (source-twitter)

पाकिस्तान टीम के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी चोटिल होने की वजह से एशिया कप 2022 टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह मोहम्मद हसनैन को टीम में शामिल किया गया है। बता दें, एशिया कप टूर्नामेंट 27 अगस्त से शुरू हो रहा है और इसका फाइनल मुकाबला 11 सितंबर को खेला जाएगा।

पाकिस्तान का पहला मुकाबला भारत के खिलाफ 28 अगस्त को होगा। श्रीलंका के खिलाफ खेली जा चुकी टेस्ट सीरीज में शाहीन अफरीदी के घुटने में चोट लगी थी जिससे वो उबर नहीं पाए और इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए। तमाम पूर्व क्रिकेटर और विशेषज्ञों का यही मानना है कि अफरीदी के ना होने से पाकिस्तान टीम के प्रदर्शन में काफी बदलाव देखने को मिलेगा।

शाहीन अफरीदी ने जब से अंतरराष्ट्रीय स्तर में डेब्यू किया है तब से उन्होंने तीनों ही प्रारूपों में पाकिस्तान टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। हाल ही में पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वकार यूनुस ने शाहीन अफरीदी की चोट को लेकर कहा था कि भारतीय टीम को इससे फायदा मिलेगा इसको लेकर टिप्पणी की थी जिसके बाद अब न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर स्कॉट स्टायरिस का भी यही मानना है कि शाहीन अफरीदी के ना होने की वजह से भारतीय टीम के एशिया कप जीतने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

सिर्फ भारत ही नहीं तमाम टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज शाहीन के ना होने से खुश होंगे: स्कॉट स्टायरिस

स्पोर्ट्स 18 के डेली स्पोर्ट्स न्यूज़ शो, ‘स्पोर्ट्स ओवर द टॉप’ में स्कॉट स्टायरिस ने कहा कि, ‘सिर्फ भारतीय टीम ही नहीं बल्कि तमाम देशों के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों के लिए यह खुशखबरी है की शाहीन अफरीदी इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं। हम सब जानते हैं कि भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को बाएं हाथ के गेंदबाजों का सामना करने में कितनी परेशानियां झेलनी पड़ती है।

सभी टीमों के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज इस बात से खुश होंगे की शाहीन इस टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे क्योंकि वो काफी घातक तेज गेंदबाज हैं और उनके पास वो सब कुछ है जो एक अच्छे तेज गेंदबाज के पास होना चाहिए। उनका कद भी काफी अच्छा है, उनके पास गति भी है और बाउंस भी। सबसे जरूरी बात यह है कि वो एक बाएं हांथ के तेज गेंदबाज हैं। उनके पास गेंद को स्विंग कराने की भी काबिलियत है।

टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों के लिए शाहीन कितने घातक साबित हो सकते हैं यह मैंने आपको बता दिया है। एशिया कप एक बहुत ही बड़ा टूर्नामेंट है और सभी टीमें और सभी खिलाड़ी यही चाहते हैं कि वो जबरदस्त प्रदर्शन करें और यह ट्रॉफी अपने नाम करें।

close whatsapp