IND W vs ENG W: महिला टेस्ट में रन के मामले में सबसे बड़ी जीत, दीप्ति शर्मा के रिकॉर्ड और बाकी आंकड़ों के बारे में जाने यहां
भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड को एकमात्र टेस्ट मुकाबले में 347 रनों से हराया।
अद्यतन - Dec 16, 2023 2:42 pm

भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड को एकमात्र टेस्ट मुकाबले में 347 रनों से हराया। इस मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से दीप्ति शर्मा ने काफी अच्छा ऑलराउंड प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। दीप्ति शर्मा के अलावा बाकी खिलाड़ियों ने भी जबरदस्त प्रदर्शन किया।
बता दें, भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और उन्होंने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 428 रन बनाए। टीम की ओर से पहली पारी में दीप्ति शर्मा ने 113 गेंदों में 10 चौके और एक छक्के की मदद से 67 रन बनाए जबकि शुभा सतीश ने 69 रनों का योगदान दिया। इसके बाद इंग्लैंड महिला टीम अपनी पहली पारी में 136 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारतीय महिला टीम ने अपनी दूसरी पारी को 6 विकेट पर 186 रन पर घोषित कर दिया। दूसरी पारी में भारतीय महिला टीम की ओर से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 44 रनों की नाबाद पारी खेली जबकि शेफाली वर्मा ने 33 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड दूसरी पारी में भी अच्छी बल्लेबाजी करने में नाकाम रही और 131 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय महिला टीम की ओर से दीप्ति शर्मा ने दोनों पारियों को मिलाकर 9 विकेट अपने नाम किए।
यह रहे टेस्ट मैच के महत्वपूर्ण आंकड़े और नंबर:
347- भारत ने इंग्लैंड महिला टीम को टेस्ट मैच में 347 रनों से हराया जो कि महिला टेस्ट में किसी भी टीम के लिए सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले 1998 में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 309 रनों से हराया था।
479- भारत ने महिला टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ा टारगेट सेट किया जो 479 रन का था। इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के नाम था जो उन्होंने 1998 में पाकिस्तान के खिलाफ बनाया था। श्रीलंका ने उस मैच में 410 रनों का लक्ष्य पाकिस्तान को दिया था।
410- महिला टेस्ट क्रिकेट में पहले दिन दूसरा सबसे बड़ा टोटल भारत के नाम है जो उन्होंने 410 रन का बनाया था।
428- भारत ने 428 रन बनाए थे जो कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम द्वारा दूसरा सबसे बड़ा टोटल है। इससे पहले टीम ने 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ 467 रन बनाए थे।
1- इंग्लैंड पहली महिला टीम बनी जिन्होंने 100 टेस्ट मैच खेले
3- टेस्ट मैच के पहले दिन चार भारतीय बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़ा और ऐसा उन्होंने एक ही पारी में तीसरी बार किया है।
64- पहली पारी में भारतीय टीम ने 64 बाउंड्री जड़ी। यह किसी भी टीम द्वारा एक पारी में सबसे ज्यादा बाउंड्री जड़ने के रिकॉर्ड में तीसरे स्थान पर है।
49- शुभा ने अपना अर्धशतक 49 गेंद में पूरा किया जो टेस्ट क्रिकेट में दूसरा सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया अर्धशतक है।
115- शुभा और जेमिमा ने तीसरे विकेट के लिए 115 रनों की साझेदारी की जो महिला टेस्ट क्रिकेट में दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।
1- Nat Sciver Brunt पहली खिलाड़ी बनी जिन्होंने भारतीय सरजमीं पर विदेशी खिलाड़ी के रूप में टेस्ट, वनडे और टी-20 तीनों ही प्रारूपों में अर्धशतक जड़ा।
1- दीप्ति शर्मा ने सिर्फ 5.3 ओवर्स में ही 5 विकेट हॉल पूरा किया। यह किसी भी भारतीय खिलाड़ी द्वारा टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 5 विकेट हॉल पूरा करने का रिकॉर्ड है।
9/39- दीप्ति शर्मा ने दोनों पारियों को मिलाकर 39 रन देखकर 9 विकेट अपने नाम किए। इससे पहले झूलन गोस्वामी ने इंग्लैंड के खिलाफ 2006 में 78 रन देकर 10 विकेट झटके थे।
2- दीप्ति शर्मा 21वीं सदी की दूसरी महिला क्रिकेटर बनी जिन्होंने एक ही टेस्ट में 80 से ज्यादा रन बनाए और 8 या उससे ज्यादा विकेट झटके। उनसे पहले यह रिकॉर्ड एलिसा पेरी के नाम था जिन्होंने 2014 में इंग्लैंड के खिलाफ 102 रन बनाए थे और 79 रन देकर 8 विकेट हासिल किए थे।