आयरलैंड को मात देकर भारत ने ICC महिला टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की - क्रिकट्रैकर हिंदी

आयरलैंड को मात देकर भारत ने ICC महिला टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की

भारत की ओर से अनुभवी सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने 56 गेंदों में 9 चौके और 3 छक्कों की मदद से 87 रन की बहुमूल्य अर्धशतकीय पारी खेली।

IND Women Beat Ireland Team in ICC Women T20 World Cup 2023 (Pic Source-Twitter)
IND Women Beat Ireland Team in ICC Women T20 World Cup 2023 (Pic Source-Twitter)

सेंट जॉर्ज पार्क में खेले गए ICC महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2023 के बेहतरीन मुकाबले में भारत ने आयरलैंड को डकवर्थ लुइस नियम के तहत 5 रन से मात दी। खराब शुरुआत के बावजूद आयरलैंड ने काफी अच्छी वापसी की लेकिन बारिश ने उनके खेल को पूरी तरह से बिगाड़ दिया। भारत की ओर से अनुभवी सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने शानदार मैच जिताऊ अर्धशतकीय पारी खेली।

इस महत्वपूर्ण मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 155 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने 56 गेंदों में 9 चौके और तीन छक्कों की मदद से 87 रन की बहुमूल्य अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा शेफाली वर्मा ने 29 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 24 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर एक बार फिर बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रही और 20 गेंदों में मात्र 13 रन ही बना पाई। जेमिमा रोड्रिग्स ने 12 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाए।

आईलैंड की ओर से कप्तान लौरा डेलानी ने चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट झटके। उनके अलावा ओर्ला प्रेन्डरगास्ट ने 4 ओवर में 22 रन देकर दो विकेट झटके जबकि अर्लीन केली ने 1 विकेट अपने नाम किया।

भारत ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत 5 रन से जीता मुकाबला

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज एमी हंटर मात्र 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। ओर्ला प्रेन्डरगास्ट बिना खाता खोले आउट हो गई। बता दें, आयरलैंड सिर्फ 8.2 ओवर की खेल पाई जिसके बाद सेंट जॉर्ज पार्क, जीकेबरहा में तेज बारिश हो गई। तब तक आयरिश टीम ने 2 विकेट खोकर 52 रन बना लिए थे। हालांकि इसके बाद मुकाबला शुरू नहीं हो पाया और भारत ने इस मैच को डकवर्थ लुइस नियम के तहत 5 रन से अपने नाम किया।

गैबी लुइस ने 25 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 32* रन बनाए जबकि कप्तान लौरा डेलानी ने 20 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 17* रन की पारी खेली। भारत की ओर से रेणुका ठाकुर सिंह ने 2 ओवर में 10 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने ICC महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

close whatsapp