कप्तान रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर के पास जोश हेजलवुड का नहीं था कोई जवाब, ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने दोनों भारतीय खिलाड़ियों को शून्य पर भेजा पवेलियन
भारत को अगर यह मैच जीतना है तो उन्हें 50 ओवर में 200 रन बनाने होंगे।
अद्यतन - अक्टूबर 8, 2023 6:57 अपराह्न

इस समय भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे वर्ल्ड कप 2023 का पांचवा मुकाबला चेन्नई के एमए चितांबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। 200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत इतनी अच्छी नहीं रही है और टीम के कप्तान रोहित शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
बता दें, पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया टीम ने सभी विकेट खोकर 199 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत इतनी अच्छी नहीं रही है और उन्होंने दो रन पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों को खो दिया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम ने पहले ईशान किशन को खो दिया जो इस मैच में अपना खाता नहीं खोल पाया और उसके बाद कप्तान रोहित शर्मा भी शून्य पर आउट हो गए।
उनका विकेट ऑस्ट्रेलिया के बेहतरीन तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने लिया। बता दें, जोश हेजलवुड ने एक ही ओवर में दो विकेट झटके। उन्होंने पहले रोहित शर्मा को आउट किया और उसके बाद श्रेयस अय्यर भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
इशान किशन का विकेट मिचेल स्टार्क ने भारतीय पारी के पहले ओवर में लिया और जोश हेजलवुड ने इस मैच के अपने पहले ओवर में दो महत्वपूर्ण विकेट झटके। भारतीय टीम इस समय काफी मुश्किल स्थिति में है। जोश हेजलवुड ने रोहित शर्मा को एलबीडब्ल्यू किया जबकि श्रेयस अय्यर को उन्होंने डेविड वार्नर के हाथों कैच करवाया।
भारत को मैच जीतने के लिए 200 रनों की जरूरत
मैच की बात की जाए तो ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम की शुरुआत इतनी अच्छी नहीं रही और मिचेल मार्श बिना खाता खोले पेवेलियन लौट गए। उनका विकेट जसप्रीत बुमराह ने लिया। हालांकि इसके बाद डेविड वार्नर और स्टीव स्मिथ ने दूसरे विकेट के लिए 69 रनों की बहुमूल्य साझेदारी की।
डेविड वार्नर ने इस मैच में 41 रन बनाए जबकि स्टीव स्मिथ ने भारत के खिलाफ 71 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 46 रनों की बेहतरीन पारी खेली। ग्लेन मैक्सवेल भी इस मैच में बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और 15 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए। उन्होंने 25 गेंद में एक चौके की मदद से 15 रनों की पारी खेली। भारतीय टीम की बात की जाए तो सभी गेंदबाजों ने विकेट झटके। इस मैच में रवींद्र जडेजा ने 10 ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए जबकि कुलदीप यादव ने 10 ओवर में 42 रन देकर 2 विकेट झटके।
जसप्रीत बुमराह ने भी 10 ओवर में 35 रन देखकर दो विकेट हासिल किए। मोहम्मद सिराज, हार्दिक पांड्या और रविचंद्रन अश्विन ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। भारत को अगर यह मैच जीतना है तो उन्हें 50 ओवर में 200 रन बनाने होंगे।