भारतीय अंडर-19 महिला टीम की कप्तान निकि प्रसाद का बड़ा बयान, "भारत की अगली पीढ़ी एक विनिंग कल्चर बना सकती है"

भारतीय अंडर-19 महिला टीम की कप्तान निकि प्रसाद का बड़ा बयान, “भारत की अगली पीढ़ी एक विनिंग कल्चर बना सकती है”

"अब हम एक जीतने वाली विरासत बनाने जा रहे हैं, ताकि भारत को अगले ICC टूर्नामेंट्स में भी जीत मिले"-निकी प्रसाद

INDIA WOMEN UNDER-19 WORLD CUP (PHOTI SOURCE: X)
INDIA WOMEN UNDER-19 WORLD CUP (PHOTI SOURCE: X)

भारतीय अंडर-19 महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में हराया और लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही इन युवा महिला खिलाड़ियों ने पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है।

भारतीय अंडर-19 महिला टीम की कप्तान निकि प्रसाद (Niki Prasad) ने ICC U-19 महिला T20 वर्ल्ड कप में एक और खिताब जीतने के बाद विश्वास जताया कि भारत की अगली पीढ़ी इस टूर्नामेंट और अन्य ICC टूर्नामेंट्स में एक विनिंग कल्चर बना सकती है।

प्रसाद ने कहा, “हम इस टूर्नामेंट में आकर भारत को शीर्ष पर बनाए रखने के लिए डॉमिनेट करने आए थे। अब हम एक जीतने वाली विरासत बनाने जा रहे हैं, ताकि भारत को अगले ICC टूर्नामेंट्स में भी जीत मिले।”

गोंगाडी त्रिशा की बदौलत टीम इंडिया ने ट्रॉफी की अपने नाम 

कुआलालंपुर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में गोंगाडी त्रिशा की शानदार बैटिंग और बॉलिंग ने भारत को 9 विकेट से जीत दिलाई। त्रिशा ने इस मैच में 3 विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका को 82 रन पर ढेर किया और फिर नाबाद 44 रन बनाकर भारत को शानदार जीत दिलाई। यही नहीं, गोंगाडी त्रिशा ने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए, जिसकी वजह से टीम इंडिया की जीत और आसान रही।

त्रिशा, जो टूर्नामेंट की प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहीं, उन्होंने  कहा-

“यह खास पल है, मैं वर्ल्ड चैंपियन के रूप में खड़ी हूं और भारत को टॉप पर बनाए रखने में मदद कर रही हूं। यह मेरे लिए गर्व का पल है।”

दक्षिण अफ्रीका की कप्तान कायला रेनेके का बयान 

दक्षिण अफ्रीका की कप्तान कायला रेनेके ने कहा, “टीम के भीतर बहुत सारे इमोशन हैं। हमने फाइनल तक पहुंचने के लिए वास्तव में कड़ी मेहनत की है। ट्रॉफी को घर नहीं ले जाने का हमें दुख है। हमारे लिए पहली बार फाइनल में पहुंचना गर्व की बात है। यह हमारे लिए काफी खास है। यह हमारे लिए प्रेरणा है और 2027 में हम और मजबूत होकर वापसी करेंगे।”

उन्होंने भारत की टीम की तारीफ करते हुए कहा, “भारत ने बेहतरीन खेल खेला, उनका सम्मान करते हैं। वे हमारे लिए प्रेरणा हैं।”

भारत ने यह खिताब लगातार दूसरी बार जीता और इस जीत ने भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक नई ऊंचाई को छुआ।

close whatsapp