सूर्यकुमार और इशान किशन को वनडे प्रारूप में इसलिए मौका नहीं मिल रहा क्योंकि…..: विक्रम राठौर का बड़ा बयान
भारत और श्रीलंका के बीच तीसरा वनडे मुकाबला त्रिवेंद्रमपुरम में शुरू हो चुका है।
अद्यतन - जनवरी 15, 2023 2:32 अपराह्न

भारत और श्रीलंका के बीच तीसरा वनडे मुकाबला तिरुवनंतपुरम में शुरू हो चुका है। बता दें, इस तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम फ़िलहाल 2-0 से आगे है। मेजबान ने शुरुआती दोनों मुकाबलों में काफी शानदार प्रदर्शन किया और मैच को अपने नाम किया।
हालांकि तमाम लोग इस बात से काफी परेशान है कि विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन को इस तीसरे वनडे में भी भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया। इशान किशन ने कुछ दिन पहले ही बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में दोहरा शतक जड़ इतिहास रच दिया था। हालांकि इसके बावजूद उन्हें लगातार मौके नहीं दिए जा रहे हैं। अब इसी को लेकर भारत के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने अपना पक्ष रखा है।
श्रीलंका के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले से पहले विक्रम राठौर ने कहा कि, ‘सभी लोग काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और बाकी लोगों को अपने मौके आने का इंतजार करना होगा।’
बाकी लोग भी काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं: विक्रम राठौर
सूर्यकुमार यादव को भले ही तीसरे वनडे मुकाबले में टीम में शामिल किया गया हो लेकिन उन्हें भी इस प्रारूप में लगातार मौके नहीं मिल रहे हैं। विक्रम राठौड़ ने दोनों भारतीय बल्लेबाज को लेकर आगे कहा कि, ‘उन्हें जबरदस्ती बाहर नहीं बैठाया गया है। पूरी बात यह है कि बाकी लोग भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
एक खिलाड़ी के रूप में उन्हें यह बात पता है कि उन्हें अभी अपने मौके आने का इंतजार करना होगा। सब लोग उसकी तैयारी कर रहे हैं। वो काफी कड़ी ट्रेनिंग कर रहे हैं और अपनी जगह के लिए काफी मेहनत कर रहे हैं।’
जब यह सवाल पूछा गया कि किशन क्या मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी कर सकते हैं तो राठौर ने कहा कि, ‘ इस समय हमने उन्हें एक ओपनर के रूप में बल्लेबाजी क्रम में शामिल किया है। अगर जरूरत हुई तो हम उनको मिडिल ऑर्डर में भी मौका देंगे। इस समय किशन ओपनर के रूप में खेल रहे हैं।’
सूर्यकुमार यादव को लेकर विक्रम राठौड़ ने आगे कहा कि, ‘उनके पास काफी अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता है। वो इस समय पूरे फॉर्म में हैं। जब भी समय आएगा उन्हें मौका दिया जाएगा और मुझे पूरी उम्मीद है कि सूर्यकुमार टीम के लिए काफी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।’