इंग्लिश फैंस के लिए अच्छी खबर, ओली पोप नवंबर महीने तक पूरी तरह से हो सकते हैं फिट
इंग्लिश क्रिकेटर ने खुद इस बात की पुष्टि की है कि अब वो पहले से काफी बेहतर महसूस कर रही हैं और प्रोफेशनल क्रिकेट में वापसी करने से पहले उन्हें 3 से 4 महीने और चाहिए।
अद्यतन - अगस्त 6, 2023 5:38 अपराह्न

हाल ही समाप्त हुए एशेज 2023 में इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज ओली पोप चोटिल हो गए थे। उनके कंधे में चोट लगी थी जिसके बाद उन्हें आखिरी 3 टेस्ट मुकाबलों से बाहर कर दिया गया था। हालिया रिपोर्ट की मानें तो ओली पोप अपनी चोट से काफी अच्छी तरह से उभर रहे हैं और उम्मीद लगाई जा सकती है नवंबर के मध्य में वो एक बार फिर से क्रिकेट खेलते हुए नजर आए।
जुलाई महीने में ओली पोप के टूटे हुए कंधे की सर्जरी हुई है। इंग्लैंड को अब अपनी अगली टेस्ट सीरीज भारत के खिलाफ उन्हीं के घर में खेलनी हैं और उससे पहले ओली पोप कुछ लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट खेलते हुए देखे जा सकते हैं। इंग्लिश क्रिकेटर ने खुद इस बात की पुष्टि की है कि अब वो पहले से काफी बेहतर महसूस कर रही हैं और प्रोफेशनल क्रिकेट में वापसी करने से पहले उन्हें 3 से 4 महीने और चाहिए।
द क्रिकेटर के मुताबिक इंग्लिश खिलाड़ी ने कहा कि, ‘कंधा उतना अच्छा है जितना उसे इस समय होना चाहिए। 2 हफ्ते पहले मेरी सर्जरी हुई थी और अब मैं पहले से काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं। मुझे अभी ठीक होने के लिए 3 से 4 महीने और लगेंगे। मुझे लगता है कि नवंबर के मध्य में मैं पूरी तरह से फिट हो जाऊंगा और चयन के लिए उपलब्ध भी रहूंगा। इसलिए जो भी मुझे टीम में चुनेगा मैं उसके लिए पूरी तरह से तैयार हूं, उम्मीद करता हूं कि अगले साल जनवरी महीने में भारतीय दौरे से पहले मैं थोड़ा क्रिकेट खेल सकूं।’
अगले साल जनवरी महीने में इंग्लैंड को भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है
बता दें, अभी तक इसको लेकर कोई भी पुष्टि नहीं की गई है कि ओली पोप 25 जनवरी से हैदराबाद में शुरू होने वाले पांच मुकाबलों की सीरीज के लिए पूरी तरह से ठीक हो जाएंगे। इस साल इंग्लिश क्रिकेटर का प्रदर्शन सभी प्रारूपों में काफी अच्छा रहा है और उन्होंने अपनी टीम की ओर से महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
ओली पोप ने भारत में कुल 4 टेस्ट मुकाबले खेले हैं और उसमें उन्होंने 153 रन बनाए हैं। वो अपने प्रदर्शन को और भी अच्छा करने की कोशिश करेंगे। भारत के खिलाफ आगामी सीरीज में इस इंग्लिश खिलाड़ी को और भी अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी। पोप खुद यही दुआ कर रहे होंगे कि वो जल्द से जल्द पूरी तरह से ठीक हो जाए।