IPL 2019 की नीलामी में इन 5 को मिले सबसे ज्यादा दाम, क्या टूर्नामेंट में कर पाएंगे धमाल
अद्यतन - फरवरी 4, 2019 11:21 पूर्वाह्न

आईपीएल का अगला सत्र 23 मार्च से शुरू होने जा रहा है। सभी टीमों के साथ ही आईपीएलप्रेमियों को भी अब टूर्नामेंट के विस्तृत शेड्यूल का इंतजार है। इसके लिए सभी टीमें जोर शोर से तैयार कर रही है।
आज हम बात कर रहे हैं आईपीएल 2019 की नीलामी में सबसे महंगे बिके उन 5 खिलाड़ियों के बारे में जिनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेगी। यूं तो आईपीएल में इस समय इनसे महंगे भी कई खिलाड़ी खेल रहे हैं। विराट कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु से 17 करोड़ रुपए ले रहे हैं तो रोहित शर्मा की भी मुंबई इंडियंस से 15 करोड़ में डील चल रही है। लेकिन इन खिलाड़ियों को उनकी टीमों ने रिटेन किया है। बहरहाल इस नीलामी में महंगे बिके खिलाड़ी सभी के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे।
वरुण चक्रवर्ती : वरुण चक्रवर्ती आईपीएल 2019 की नीलामी में सबसे ज्यादा महंगे खिलाड़ी हैं। वरुण को किंग्स इलेवन पंजाब ने 8.40 करोड़ रुपए में खरीदा है। 20 लाख के बेस प्राइस वाले वरुण को अपने बेस प्राइस की 42 गुना रकम में खरीदा गया है। वरूण चक्रवती के बारे में कहा जाता है कि वह 7 तरह की गेंदे फेंक सकते हैं साथ ही जरूरत पड़ने पर टीम के लिए रन भी बना सकते हैं।
जयदेव उनादकट : आईपीएल के पिछले सत्र में भी सबसे महंगे बिके जयदेव उनादकट को राजस्थान रॉयल्स ने इस बार भी 8.40 करोड़ रुपए में खरीदा। उनादकट राजस्थान रॉयल्स के अलावा केकेआर, आरसीबी और राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के लिए भी खेल चुके हैं। उनादकट ने पिछले सीजन बहुत ज्यादा प्रभावित नहीं किया था लेकिन टीम को इस सत्र में उनसे काफी उम्मीदें हैं।
सैम करन : इंग्लैंड के बॉलिंग ऑलराउंडर सैम करन का बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए था, लेकिन आईपीएल नीलामी में पहली बार उतरे करन को किंग्स इलेवन पंजाब ने 7 करोड़ 20 लाख रुपए में खरीदा। करन एक ऐसे खिलाड़ी जो अकेले ही अपने दम पर टीम को मैच जिताने की क्षमता रखते हैं।
शिवम दुबे : आईपीएल नीलामी में युवा खिलाड़ी शिवम दुबे को आरसीबी ने 5 करोड़ रुपए में खरीदा। उनका बेस प्राइज 20 लाख था। शिवम भी एक जबरदस्त ऑलराउंडर हैं। वे दो बार 5 गेंद में लगातार 5 छक्के लगाने का कारनामा कर चुके हैं। आईपीएल में शिवम से आरसीबी को बड़ी उम्मीदें हैं।
कार्लोस ब्रैथवेट : विंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर कार्लोस ब्रैथवेट को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 5 करोड़ रुपए में खरीदा। उनका बेस प्राइज 70 लाख रुपए था। ब्रैथवेट को 2016 में विंडीज को टी-20 विश्व कप चैंपियन बनाने का श्रेय जाता है। ब्रैथवेट आईपीएल में पहले दिल्ली डेयरडेविल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए भी खेल चुके हैं।