अजिंक्य रहाणे चोटिल होने के कारण आईपीएल 2022 से हुए बाहर
इससे पहले टीम के तेज गेंदबाज पैट कमिंस भी चोट के कारण बाहर हो चुके हैं।
अद्यतन - May 16, 2022 6:42 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के प्रशंसकों के लिए बुरी खबर सामने आ रही है। टीम के ओपनर अजिंक्य रहाणे चोटिल होने की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। बता दें कि, 14 मई को खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ उनकी हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी।
रिपोर्ट्स की मानें तो रहाणे वहां से बेंगलुरु स्थिति नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) जाएंगे और वहां 4 हफ्तों के लिए रिहैब में रहेंगे। हैदराबाद के खिलाफ हुए मुकाबले में रहाणे अपनी बल्लेबाजी के दौरान काफी दर्द में दिखे थे। हालांकि, उस दर्द के बावजूद उन्होंने अपनी बल्लेबाजी जारी रखी और 24 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से 28 रन बनाए।
इंग्लैंड दौरे पर भी नहीं जा पाएंगे अजिंक्य रहाणे!
क्रिकबज्ज की रिपोर्ट के मुताबिक, हैमस्ट्रिंग की चोट लगने के बाद अब अजिंक्य रहाणे जुलाई में होने वाले इंग्लैंड दौरे पर शायद नहीं जा पाएंगे। बता दें कि भारत का इंग्लैंड दौरा जुलाई में शुरू होगा जिसमें 1 टेस्ट, 3 टी-20 और 3 वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। यह सीरीज 1 जुलाई से शुरू होगी और इसका आखिरी मुकाबला मैनचेस्टर में 17 जुलाई को खेला जाएगा।
कोलकाता नाइट राइडर्स के इस साल आईपीएल में प्रदर्शन की बात की जाए तो उनका प्रदर्शन काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा है। उन्होंने अभी तक 13 मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 6 में जीत दर्ज की है और वो अंक तालिका में 6वें स्थान पर काबिज हैं। अब देखना यह होगा कि अपने बचे हुए मुकाबले में कोलकाता रहाणे की जगह किस बल्लेबाज से ओपनिंग करवाएगी। उनके पास विकल्प के रूप में ऑलराउंडर सुनील नारायण और नितीश राणा मौजूद हैं, साथ ही दूसरे छोर पर वेंकटेश अय्यर ओपनिंग का जिम्मा संभालेंगे।
कोलकाता का अगला लीग मुकाबला लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) के खिलाफ है। यह मुकाबला 18 मई को मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी स्टेडियम में खेला जाएगा। कोलकाता के लिए इस मैच को जीतना बेहद जरूरी है यदि उन्हें प्लेऑफ की दौड़ में बने रहना है। वहीं, लखनऊ भी अपना पिछला मुकाबला राजस्थान के खिलाफ हारकर आ रही है जिसके बाद वो यह मैच जीतकर प्लेऑफ में स्थान सुनिश्चित करना चाहेगी।