IPL 2022 Recap: दो नए टीमों एंट्री, विराट-धोनी ने छोड़ी कप्तानी, GT बनी चैंपियन, कुछ ऐसी रही थी 15वें सीजन की कहानी

आईपीएल 2022 में राजस्थान रॉयल्स को हराकर पहले ही सीजन चैंपियन बनी थी गुजरात टाइटंस

Advertisement

Gujarat Titans (Photo Source: Getty Images)

आईपीएल 2021 चेन्नई सुपर किंग्स ने जीता था, लेकिन डिफेंडिंग चैंपियन अगले सीजन फॉर्म बरकरार नहीं रख पाई थी। आईपीएल 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स ने 14 में से 4 मुकाबले जीत कर और 8 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर जगह बनाई थी। आईपीएल 2022 सीजन में दो नई टीम लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस की एंटी हुई थी। लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी केएल राहुल और गुजरात टाइटंस की कप्तानी हार्दिक पांड्या ने की थी।

Advertisement
Advertisement

पहले ही सीजन में ट्रॉफी जीतकर गुजरात टाइटंस ने अपना दबदबा दिखाया था। आईपीएल 2022 में क्या-क्या खास हुआ था, डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के खराब प्रदर्शन का कारण, गुजरात टाइटंस कैसे चैंपियन बनी और ऑरेंज-पर्पल कैप किसने जीता था, आइए आपको सब बताते हैं-

IPL 2022: कोरोना के चलते 6 ही वेन्यू पर खेला गया था टूर्नामेंट

कोरोना के चलते आईपीएल 2022 6 वेन्यू में आयोजित किया गया था। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम, ब्रेबॉर्न स्टेडियम, डीवाई पाटिल स्टेडियम, और एमसीए इंटरनेशनल स्टेडियम, पुणे में लीग स्टेज के मैच खेले गए थे। वहीं प्लेऑफ और फाइनल मुकाबले ईडन गार्डन, कोलकाता और नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला गया था। आईपीएल 2022 26 मार्च से 29 मई 2022 तक खेला गया था।

10 टीमों को पांच-पांच के दो ग्रुपों में बांटा गया था। ग्रुप-ए- मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स ग्रुप-बी- चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, पंजाब किंग्स, गुजरात टाइटंस शामिल थे।

IPL 2022: धोनी ने सीजन की शुरूआत में छोड़ दी थी कप्तानी

MS Dhoni (Photo Source: X/Twitter)

आईपीएल 2022 शुरू होने के ठीक दो दिन पहले महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया था। जिसके बाद रवींद्र जडेजा को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था। लेकिन सीएसके को अपने शुरूआती 8 में 6 मैचों में हार मिली थी। रवींद्र जडेजा पर फॉर्म का भी दबाव आया और उन्होंने कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया। बीच सीजन 30 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स ने आधिकारिक ऐलान किया कि महेंद्र सिंह धोनी फिर से टीम की कप्तानी करेंगे।

IPL 2022: राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच में हुआ था हंगामा

Rishabh Pant (Photo Source: X/Twitter)

आईपीएल 2022 का 34वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच 22 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए आखिरी ओर में 36 रन चाहिए थे। रोवमेन पॉवेल ने 3 छक्के जड़ दिए थे, इसके बाद जो बॉल फेंकी गई थी, उस पर हंगामा हो गया था। दिल्ली कैपिटल्स की टीम चाहती थी कि नो बॉल करार दिया जाए, लेकिन ऑनफील्ड अंपायर ने ऐसा नहीं किया था। ऋषभ पंत ने फिर अपने दोनों बल्लेबाजों को वापस बुलाने का इशारा किया था। अंपायर के फैसले पर नाराजगी जाहिर करने के लिए ऋषभ पंत और शार्दुल ठाकुर पर जुर्माना ठोका गया था। वहीं प्रवीण तामरे को एक मैच के लिए सस्पेंड कर दिया गया था।

विराट कोहली ने छोड़ी कप्तानी

दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली ने आईपीएल 2022 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तानी छोड़ दी थी। कोहली साल 2013 में आरसीबी के पूर्णकालिक कप्तान बने थे। उनके नेतृत्व में आरसीबी ने 140 मैच खेले, जिसमें से 64 जीते और 69 हारे। तीन टाई रहे और चार का नतीजा नहीं निकला। उनकी कप्तानी में बैंगलोर ने 2016 के फाइनल में एंट्री की लेकिन वहां खिताब नहीं जीत सकी।

IPL 2022: गुजरात टाइटंस थी पॉइंट्स टेबल में टॉप पर

Gujrat Titans (Photo Source: BCCI/IPL)

आईपीएल 2022 लीग स्टेज में 14 में से 10 मुकाबले जीत कर और 20 अंकों के साथ गुजरात टाइटंस ने पॉइंट्स टेबल में पहले पायदान पर जगह बनाई थी। राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स 18-18 अंकों के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर थी। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने14 मैचों में 8 जीत और 16 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर जगह बनाई थी। दिल्ली कैपिटल्स को मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने लीग स्टेज के आखिरी मैच में 5 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी, जिसके चलते रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर प्लेऑफ में पहुंची थी।

क्वालिफायर-1 में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर गुजरात टाइटंस ने फाइनल में जगह बनाई थी। एलिमिनेटर मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 14 रनों से हराकर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर क्वालिफायर-2 में पहुंची थी। क्वालिफायर-2 मुकाबला आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया। राजस्थान रॉयल्स ने 7 विकेट से बाजी मार फाइनल में जगह बनाई थी।

IPL 2022: राजस्थान रॉयल्स को हराकर चैंपियन बनी थी गुजरात टाइटंस

Gujrat Titans (Photo Source: Twitter)

आईपीएल 2022 फाइनल मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला गया था। राजस्थान रॉयल्स पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 130 रन ही बना पाई थी। हार्दिक पांड्या ने 4 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे। गुजरात टाइटंस ने 18.1 ओवरों में लक्ष्य का पीछा कर 7 विकेट से जीत हासिल की थी। शुभमन गिल ने नाबाद 45 रन की पारी खेली थी। हार्दिक पांड्या ने प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया था।

IPL 2022: किसने जीता था ऑरेंज और पर्पल कैप

Chahal & Jos Buttler (Photo Source: X/Twitter)

राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी जोस बटलर ने 17 मैचों में 863 रन बनाए थे, और ऑरेंज कैप अपने नाम किया था। युजवेंद्र चहल ने 17 मैचों में 27 विकेट लिए थे, और पर्पल कैप अपने नाम किया था।

Advertisement