IPL 2022: मुंबई इंडियंस के लिए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सीजन का पहला मुकाबला इस बड़ी वजह के चलते नहीं खेल पायेंगे सूर्यकुमार यादव - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2022: मुंबई इंडियंस के लिए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सीजन का पहला मुकाबला इस बड़ी वजह के चलते नहीं खेल पायेंगे सूर्यकुमार यादव

सूर्यकुमार यादव अभी अपने अंगूठे की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं।

Suryakumar Yadav. (Photo Source: IPL/BCCI)
Suryakumar Yadav. (Photo Source: IPL/BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 सीजन का खुमार पूरे क्रिकेट जगत में साफतौर पर देखने को मिल रहा है। जिसमें सीजन का पहला मुकाबला गत-विजेता चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच में खेला जाएगा। वहीं इसके बाद 27 मार्च को IPL के खिताब को सबसे ज्यादा बार अपने नाम करने वाली मुंबई इंडियंस की टीम अपने अभियान की शुरुआत दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले के साथ करेगी।

जिसमें मुंबई इंडियंस की टीम इस आगामी सीजन का अपना पहला मुकाबला ब्रेब्रोन स्टेडियम में खेलेगी। जिसको लेकर अब यह बात सामने आ रही है कि टीम पहले मुकाबले में अपने सबसे अहम खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव के बिना मैदान में खेलते हुए दिख सकती है। बता दें कि 31 साल के सूर्यकुमार यादव अभी भी अपने अंगूठे के फ्रैक्चर से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ फरवरी महीने में हुई टी-20 सीरीज के दौरान सूर्यकुमार यादव को यह चोट लगी थी। जिसके चलते वह श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज से बाहर हो गए थे। इस समय सूर्या बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में मौजूद हैं, जहां वह रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं और इसी कारण उनके दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले मुकाबले में खेलने की संभावना ना के बराबर जताई जा रही है।

बेंगलुरु में रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया से गुजर रहे सूर्यकुमार यादव

टाइम्स ऑफ इंडिया को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक सूत्र ने दिए अपने बयान में कहा कि, सूर्या इस समय राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। जिसमें वह काफी तेजी से रिकवर भी कर रहे हैं, लेकिन ऐसी भी संभावना है कि वह पहले मुकाबले में शायद ना खेलते हुए दिखाई दें। जिसके बाद बोर्ड की तरफ से यह हिदायत दी जा सकती है कि उन्हें पहले मुकाबले में ना खिलाया जाए।

आपको बता दें कि मुंबई इंडियंस ने मेगा ऑक्शन के पहले जिन 4 खिलाड़ियों को रिटेन करने का फैसला किया था, उसमें सूर्यकुमार यादव का नाम भी शामिल था। जिसमें उन्हें इशान किशन, हार्दिक पांड्या और क्रुणाल पांड्या से पहले तरजीह दी गई थी। जिसके बाद आगामी सीजन में सूर्यकुमार यादव 2 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं।

close whatsapp