आईपीएल 2023: वरुण चक्रवर्ती की शानदार वापसी से बेहद प्रभावित हैं अनिल कुंबले
वरुण चक्रवर्ती ने जारी आईपीएल 2023 में अब तक आठ मैचों में 13 विकेट लिए हैं।
अद्यतन - अप्रैल 29, 2023 4:52 अपराह्न

महान भारतीय स्पिनर अनिल कुंबले ने जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के शानदार प्रदर्शन के लिए तारीफ की। पूर्व भारतीय मुख्य कोच का मानना है कि आईपीएल के दौरान अलग-अलग जगहों में खेलने से चक्रवर्ती को काफी मदद मिली है।
अनिल कुंबले ने हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से कहा: ‘आईपीएल 2023 में कई खिलाड़ी सच में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और वरुण चक्रवर्ती उन्ही में से एक हैं। वह कुछ समय के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा थे, और फिर उसके बाद पिछले आईपीएल सीजन में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा, नतीजन उन्होंने राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह खो दी। लेकिन मैं वरुण के लिए बहुत खुश हूं कि उसने हम सभी को दिखा दिया है कि वह गेंद के साथ क्या कर सकता है।
वरुण एक अनोखा गेंदबाज हैं: अनिल कुंबले
हम उनकी प्रतिभा को शुरू से ही जानते हैं जब से वह KKR के लिए खेल रहे हैं। वरुण निश्चित रूप से एक अनोखा गेंदबाज हैं। उसके पास काबिलियत है और मुझे खुशी है कि उसने कई चीजों पर काम किया है। उसका एक्शन, और जिस गति से वह गेंदबाजी करता है… यदि वह गति गिरती है, तो वह उतना प्रभावी नहीं रह जाता है। इस वर्ष, उन्होंने अपनी गति और अपने गेंद का घूर्णन वापस प्राप्त कर लिया है, जो शानदार है।
आईपीएल अब लगभग हर बड़े शहर में खेला जा रहा है, और उन्होंने इसके साथ तालमेल बिठा लिया है, जो उनकी गेंदबाजी की शैली में मदद करता है। पिछले साल, जब मैच केवल कुछ स्थानों पर हो रहे थे और उनमें आत्मविश्वास नहीं था, तो वह संघर्ष कर रहे थे। एक बार जब आप घूमना शुरू करते हैं, तो यह मदद करता है। सिर्फ वरुण ही नहीं, और भी स्पिनर हैं जिन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है और टीम में जगह बनाई है। मुझे यकीन है कि उन सभी पर चयनकर्ता नजर रख रहे हैं।’
आपको बता दें, वरुण चक्रवर्ती ने जारी आईपीएल 2023 में अब तक आठ मैचों में 13 विकेट लिए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) आईपीएल 2023 के 39वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) का सामना कर रही है।