IPL 2023: क्वालीफायर 1 में फेंकी गई कुल 84 डॉट गेंदें, अब BCCI लगाएंगे 42,000 पौधे - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2023: क्वालीफायर 1 में फेंकी गई कुल 84 डॉट गेंदें, अब BCCI लगाएंगे 42,000 पौधे

IPL 2023 के क्वालीफायर 1 में चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस को मात देकर इस सीजन के फाइनल में अपनी जगह बनाई।

CSK vs GT (Pic Source-Twitter)
CSK vs GT (Pic Source-Twitter)

23 मई को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के क्वालीफायर 1 मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस को 15 रनों से मात देकर इस सीजन के फाइनल में अपनी जगह बनाई। चेन्नई सुपर किंग्स ने इस मैच में काफी अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि यह मैच एक और कारण की वजह से काफी खास रहा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इस मैच की हर डॉट गेंद पर 500 पौधे लगाने का फैसला किया था।

इस मुकाबले में कुल 84 डॉट गेंदें फेंकी गई जिसका मतलब यह है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड कुल 42,000 पौधे लगाएगा। ऐसा भी देखा गया था कि जब भी इस मैच में डॉट गेंद फेंकी जा रही थी तब उस जगह स्पेशल ग्राफिक की बदौलत पेड़ की तस्वीर स्क्रीन पर नजर आ रही थी।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव जय शाह ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर इसकी घोषणा करते हुए लिखा कि, ‘हमें यह बात जानकर बहुत ही खुशी महसूस हो रही है कि @TataCompanies के साथ हम @IPL प्लेऑफ में हर डॉट गेंद पर 500 पौधे लगाने की योजना बना रहे थे। गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए क्वालीफायर 1 मुकाबले में कुल 84 डॉट गेंदें फेंकी गई और हम अब 42,000 पौधे लगाएंगे। कौन कहता है कि टी-20 बल्लेबाजों का खेल है। गेंदबाजों के हाथ में भी काफी कुछ होता है।’

यह रहा जय शाह का ट्वीट:

पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने क्वालीफायर 1 के मुकाबले में 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 172 रन बनाए। टीम की ओर से ऋतुराज गायकवाड़ ने 44 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 60 रनों की बहुमूल्य पारी खेली जबकि डेवॉन कॉनवे ने 34 गेंदों में चार चौकों की मदद से 40 रनों की शानदार पारी खेली। गुजरात टाइटंस की ओर से मोहम्मद शमी और मोहित शर्मा ने दो-दो विकेट झटके।

गुजरात टाइटंस 20 ओवर में 157 रन पर ऑलआउट हो गए। टीम की ओर से शुभमन गिल ने 38 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 42 रनों की पारी खेली जबकि राशिद खान ने 16 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 30 रन बनाए। चेन्नई सुपर किंग्स ने इस मुकाबले को जीतकर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है जबकि गुजरात टाइटंस के पास अभी एक और मौका है।

आज यानी 24 मई को मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा और जो भी टीम इस मैच को अपने नाम करेगी वो क्वालीफायर 2 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ भिड़ेंगी।

close whatsapp