इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में अभी तक कई बेहतरीन मुकाबले देखने को मिले हैं। लीग मुकाबले खत्म हो चुके हैं और गुजरात टाइटंस, चेन्नई सुपर किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस वो 4 टीमें हैं जिन्होंने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया है।
Advertisement
Advertisement
इसी के साथ इंडियन प्रीमियर लीग 2023 सीजन में एक और कीर्तिमान हासिल हुआ है। इस सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगे हैं। 21 मई को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर बनाम गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबले में शुभमन गिल ने इस सीजन का 1063वां छक्का जड़ा। बता दें, इससे पहले 2022 सीजन में 1062 छक्के लगे थे।
इंडियन प्रीमियर लीग 2009 सीजन में जो दक्षिण अफ्रीका में खेला गया था क्योंकि उस समय भारत में लोकसभा के इलेक्शन चल रहे थे उस संस्करण में सबसे कम छक्के लगे थे। 59 मुकाबलों में उस संस्करण में कुल 506 छक्के लगे थे।
इस सीजन की बात की जाए तो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 14 मुकाबलों में कुल 36 छक्के जड़े हैं और वो इस सीजन में खिलाड़ियों द्वारा सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वालों की सूची में पहले स्थान पर हैं। यही नहीं फाफ डु प्लेसिस ऑरेंज कैप की दौड़ में भी पहले स्थान पर हैं। उन्होंने 14 मुकाबलों में 8 अर्धशतक की बदौलत 730 रन बनाए हैं। उन्होंने यह रन 56.15 के औसत और 153.68 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं।
क्रिस गेल के नाम है सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड
इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने 141 IPL पारियों में कुल 357 छक्के जड़े हैं। यही नहीं इंडियन प्रीमियर लीग के एक सीजन में भी क्रिस गेल ने सबसे ज्यादा छक्के जड़े हैं। उन्होंने 2012 सत्र में कुल 59 छक्के जड़े थे। वो एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में 300 से ज्यादा छक्के जड़े हैं।
इस सूची में दूसरे स्थान पर भारत और मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा है जिन्होंने 256 छक्के जड़े हैं। एबी डी विलियर्स के नाम 251 छक्कों का रिकॉर्ड है जबकि चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग में 239 छक्के जड़े हैं और विराट कोहली ने 234 छक्के।