IPL 2023: CSK और GT के मैच ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, 2.5 करोड़ पहुंची Digital Viewership
क्वालीफायर-1 मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 15 रनों से जीत दर्ज की।
अद्यतन - May 24, 2023 2:32 pm

आईपीएल 2023 के क्वालीफायर-1 मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस को हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। आईपीएल लीग का पिछला सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए काफी ज्यादा निराशाजनक रहा था। टीम ने मात्र 4 मुकाबले में जीत दर्ज कर नौवें स्थान में जगह बनाई थी।
लेकिन मौजूदा सीजन में धमाकेदार वापसी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में 10वीं बार आईपीएल फाइनल में पहुंची है। इसी बीच गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए क्वालीफायर-1 मुकाबले ने व्यूअरशिप के सारे बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दरअसल इस हाई वोल्टेज मुकाबले को 2.5 करोड़ दर्शक जियोसिनेमा पर लाइव देख रहे थे।
CSK और GT के मैच के दौरान जियोसिनेमा पर आई जबरदस्त रेटिंग
चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया क्वालिफायर-1 मुकाबला काफी ज्यादा रोमांच से भरा था। चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रूतुराज गायकवाड़ के 60 रनों की पारी के बल पर 7 विकेट के नुकसान पर 172 रन बोर्ड पर लगाए थे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस 157 रनों पर ऑलआउट हो गई। और चेन्नई सुपर किंग्स ने 15 रनों से शानदार जीत दर्ज की। मैच के दौरान जियोसिनेमा पर 2.5 करोड़ दर्शक मैच को लाइव देख रहे थे। जो जियोसिनेमा पर इस सीजन की सबसे अधिक व्यूअरशिप है।
इससे पहले जियोसिनेमा पर किसी आईपीएल मैच की हाईस्ट रेटिंग 17 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेले गए मैच के दौरान आई थी। जब जियोसिनेमा पर 2.4 करोड़ दर्शक मैच को लाइव देख रहे थे।
जियोसिनेमा के चलते फैंस को मुफ्त में आईपीएल की फ्री स्ट्रीमिंग मिल रही है। जिसके चलते प्लेटफॉर्म लगातार नए आयामों को छूती हुई नजर आ रही है। जियोसिनेमा प्लेटफॉर्म पर वीडियो को पहले से ही 1300 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।
क्वालिफायर-2 में होम ग्राउंड में शानदार खेल दिखाना चाहेगी गुजरात टाइटंस
डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस मौजूदा आईपीएल सीजन में शानदार खेल दिखाती हुई नजर आई है। टीम ने 14 मैचों में 10 जीत और 20 अंको के साथ लीग स्टेज को पहले पायदान पर खत्म किया था। आईपीएल 2023 एलिमिनेटर मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच 24 मई को चेपॉक में खेला जाएगा।
विजेता टीम का मुकाबला 26 मई को नरेंद्र मोदी स्टेडियम अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेला जाएगा। गुजरात टाइटंस क्वालिफायर-2 मुकाबले में जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार फाइनल में प्रवेश करना चाहेगी।