आईपीएल 2023: मार्को जेनसेन और डुआन जेनसेन की जोड़ी ने आईपीएल में रचा इतिहास - क्रिकट्रैकर हिंदी

आईपीएल 2023: मार्को जेनसेन और डुआन जेनसेन की जोड़ी ने आईपीएल में रचा इतिहास

सचिन तेंदुलकर और अर्जुन आईपीएल में एक ही टीम के लिए खेलने वाली पहली पिता-पुत्र की जोड़ी है।

Duan Jansen and Marco Jansen (Image Source: BCCI-IPL)
Duan Jansen and Marco Jansen (Image Source: BCCI-IPL)

दक्षिण अफ्रीका के युवा क्रिकेटर मार्को जेनसेन और डुआन जेनसेन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने वाले पहले जुड़वां भाई हैं। आईपीएल में अब तक कई भाइयों की जोड़ी ने हिस्सा लिया है, लेकिन आज यानी 16 अप्रैल से पहले तक कभी भी कोई जुड़वां जोड़ी इस टूर्नामेंट में देखने में नहीं आई थी।

आपको बता दें, मार्को जेनसेन 2021 में मुंबई इंडियंस (MI) का हिस्सा थे, और फिर 2022 से सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के साथ है। वहीं दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर का जुड़वां भाई डुआन जारी आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस (MI) का हिस्सा है, जिन्होंने नीलामी में उसे उसके बेस प्राइस 20 लाख रुपए में खरीदा था।

मार्को जेनसेन और डुआन जेनसेन की जोड़ी ने आईपीएल में रचा इतिहास

डुआन जेनसेन ने 16 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेले जा रहे जारी आईपीएल 2023 के 22वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए डेब्यू किया है। इसके साथ ही जेनसेन ब्रदर्स आईपीएल में खेलने वाली पहली जुड़वां जोड़ी बन गए हैं। दक्षिण अफ्रीका की इस जुड़वां जोड़ी ने आईपीएल के इतिहास में खेलने वाली पहली जुड़वां भाइयों की जोड़ी होने का एक अभूतपूर्व रिकॉर्ड बना दिया है।

आपको बता दें, आईपीएल में पिछले कुछ वर्षों में इरफान पठान और यूसुफ पठान, एल्बी मोर्केल और मोर्ने मोर्केल, माइकल हसी और डेविड हसी, शॉन मार्श और मिशेल मार्श, ब्रेंडन मैकुलम और नाथन मैकुलम, ड्वेन ब्रावो और डैरेन ब्रावो, सिद्दार्थ कौल और उदय कौल, हार्दिक पांड्या और क्रुणाल पांड्या, सैम करन और टॉम करन जैसी भाइयों की जोड़ी एक्शन में नजर आई हैं। हालांकि, यह पहली बार है जब जुड़वां भाइयों की जोड़ी आईपीएल में एक्शन में नजर आई है।

इस बीच, डुआन जेनसेन के साथ-साथ अर्जुन तेंदुलकर ने भी 16 अप्रैल को मुंबई इंडियंस (MI) के लिए आईपीएल में डेब्यू किया है। इसके साथ ही भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और उनके बेटे अर्जुन अब आईपीएल के इतिहास में एक ही फ्रेंचाइजी के लिए खेलने वाले पहले पिता-पुत्र की जोड़ी बन गए हैं। आपको बता दें, सचिन तेंदुलकर ने भी अपने करियर के दौरान MI का प्रतिनिधित्व और कप्तानी की है।

close whatsapp