आईपीएल 2023 की तैयारियां हुई शुरू; सभी फ्रेंचाइजियों को 15 नवंबर तक सौंपनी होगी रिटेन खिलाड़ियों की सूची
लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने पिछले ऑक्शन में सारा रुपया खर्च कर दिया था।
अद्यतन - अक्टूबर 17, 2022 12:08 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया में आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के आगाज के साथ ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी संस्करण के लिए तैयारियों की रफ्तार भी बढ़ा दी है। बीसीसीआई ने पहले ही पुष्टि कर दी है कि आगामी आईपीएल 2023 के लिए मिनी ऑक्शन होगा, जिसकी बेंगलुरु में 16 दिसंबर को आयोजित होने की संभावना है।
अब खबरें आ रही हैं कि सभी आईपीएल फ्रेंचाइजियों को 15 नवंबर तक रिटेन किए गए खिलाड़ियों की अपनी सूची जमा करने के लिए कहा गया है। इस बार सभी फ्रेंचाइजियों को 5 करोड़ रुपये का पर्स आवंटित किया गया है, जिसमें पिछले साल के ऑक्शन से बची शेष राशि को भी शामिल किया जाएगा।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने पिछले ऑक्शन में खर्च कर दिया था सारा रुपया
इस तरह कुल मिलाकर सभी टीमों का पर्स आईपीएल 2023 मिनी ऑक्शन में लगभग 95 करोड़ रुपये का हो सकता है। आवंटित राशि को देखते हुए सभी प्रतिभागी टीमें अपने पैसे का बुद्धिमानी से उपयोग करना चाहेगी, और कुछ शानदार खिलाड़ी अपनी टीम में जोड़ना चाहेगी।
पिछले साल की नीलामी के बाद दस फ्रेंचाइजियों का शेष पर्स मूल्य इस प्रकार है: पंजाब किंग्स (3.45 करोड़ रुपए), लखनऊ सुपर जायंट्स (कोई राशि नहीं), चेन्नई सुपर किंग्स (2.95 करोड़ रुपए), रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (1.55 करोड़ रुपए), राजस्थान रॉयल्स (0.95 करोड़ रुपए), कोलकाता नाइट राइडर्स (0.45 करोड़ रुपए), गुजरात टाइटन्स (0.15 करोड़ रुपए) जबकि मुंबई इंडियंस, सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स तीनो के पास 0.10 करोड़ रुपए शेष हैं।
आगामी आईपीएल 2023 मिनी ऑक्शन में नए खिलाड़ियों को साइन करने के अलावा, सभी टीमों को चीटिल खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट पर भी फैसला करना होगा, जिसे उन्होंने पिछले सीजन में खरीदा था। सभी टीमों को किसी एक रिप्लेसमेंट या मुख्य खिलाड़ी या फिर यदि उनकी टीम की सीमा अनुमति देती है तो दोनों को बरकरार रखने की इजाजत दी गई है। आपको बता दें, बेन स्टोक्स, सैम करन, टिम डेविड और कई अन्य बड़े नाम आगामी नीलामी में चयन के लिए उपलब्ध होंगे।